
बिहार के पूर्णिया में डबल मर्डर से सनसनी, चचेरे भाई ने दो भाइयों की हत्या कर जीभ काटी
मीडिया रिपोर्ट में यह भी बताया जा रहा है कि दो भाइयों को मौत के घाट उतारने के बाद अऱबाज डेढ़ साल की बच्ची कुलसुम की भी हत्या करने के इरादे से उसका गला दबा रहा था। लेकिन गनीमत से इस बीच परिवार के लोग वहां पहुंच गए और अरबाज वहां से भाग निकला।
बिहार के पूर्णिया जिले में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई है। यहां चचेरे भाई पर अपने दो भाइयों की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है। यह भी कहा जा रहा है कि हत्यारे ने मर्डर के बाद दोनों भाइयों की जीभ भी काट ली। इस घटना के बाद से यहां लोग भी आक्रोशित हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला रौटा थाना क्षेत्र के डिंगोज गांव का है। मृतकों में 5 साल का मोहम्मद इनायत और 3 साल का गुलनाज शामिल है। इन दोनों क 22 साल के चचेरे भाई मोहम्मद अरबाज पर इनकी हत्या का आरोप है।
मीडिया रिपोर्ट में यह भी बताया जा रहा है कि दो भाइयों को मौत के घाट उतारने के बाद अऱबाज डेढ़ साल की बच्ची कुलसुम की भी हत्या करने के इरादे से उसका गला दबा रहा था। लेकिन गनीमत से इस बीच परिवार के लोग वहां पहुंच गए और अरबाज वहां से भाग निकला। कुलसुम की हालत नाजुक है। इस भयानक हत्याकांड में अरबाज के साथ उसका दोस्त मोहम्मद हसनैन भी साथ था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मृत लड़कों के चाचा ने बताया कि कुछ वक्त पहले आरोपी अपने पिता से नशे के लिए पैसों की मांग कर रहा था। लेकिन जब पिता ने पैसे नहीं दिए तब उसने अपने पिता से मारपीट शुरू कर दी थी। मासूम बच्चों के पिता ने उस वक्त अरबाज का विरोध किया था। इसी बात का बदला लेने के लिए अरबाज ने दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया है। अरबाज ने हैंडपंप से कूच कर दोनों बच्चों को मार डाला।
इधर मृत बच्चों के पिता मोहम्मद आलम ने बताया कि मंगलवार की शाम करीब 7 बजे उनका भतीजा अपने दोस्तों के साथ झगड़ा कर रहा था। उस वक्त उन्होंने अपने भतीजे अरबाज को डांटा था। इसके बाद गुस्साए अरबाज ने घर में सो रहे उनके दोनों बेटों की निर्मम हत्या कर दी। बच्चों के सिर पर हैंडपंप से हमला किया गया था और खून के छींटे कई जगह पड़े थे। मोहम्मद आलम को देख अरबाज ने बच्ची को छोड़ दिया और वहां से भाग गया। बहरहाल इस मामले में पुलिस ने अरबाज और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





