चचेरे भाई ने फोन कर घर से बाहर बुलाया, फिर कनपटी में सटाकर मार दी गोली; बिहार के सीवान में सनसनी
Bihar Crime News: सीवान के पचरुखी में चचेरे भाई ने फोन कर 25 वर्षीय गुड्डू कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। विदेश से लौटे युवक की मौत से बीमार पिता का परिवार बिखर गया।

Bihar Crime News: बिहार के सीवान जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पचरुखी थाना क्षेत्र के जसौली नया टोला गांव में मंगलवार की देर शाम बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या का आरोप किसी बाहरी पर नहीं, बल्कि मृतक के सगे चचेरे भाई पर लगा है, जिसने फोन कर उसे धोखे से बाहर बुलाया और कनपटी में पिस्टल सटाकर ट्रिगर दबा दिया। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन है।
पिता की बीमारी की खबर सुनकर विदेश से लौटा था मृतक गुड्डू
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जसौली नया टोला निवासी सुभाष सिंह के 25 वर्षीय पुत्र गुड्डू कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि गुड्डू विदेश में रहकर मजदूरी करता था और अपने पूरे परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। घर में बूढ़े पिता की गंभीर बीमारी की खबर सुनकर वह कुछ ही दिन पहले वतन लौटा था। मंगलवार को वह पटना से अपने बीमार पिता को डॉक्टर से दिखाकर वापस घर आया था और सुपौली बाजार से पिता के लिए दवा लेने जा रहा था। इसी दौरान चचेरे भाई ने साजिश के तहत उसे फोन कर रास्ते में ही रोक लिया और इस खौफनाक घटना को अंजाम दे डाला।
युवक ने रास्ते में ही तोड़ा दम
गोली लगने के बाद लहूलुहान गुड्डू ने किसी तरह अपने घर पर फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बदहवास परिजन स्थानीय लोगों की मदद से उसे जख्मी हालत में इलाज के लिए अस्पताल लेकर भागे, लेकिन घाव इतना गहरा था कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही गंभीर रूप से बीमार पिता की हालत और ज्यादा नाजुक हो गई है।
FSL की टीम ने जुटाए साक्ष्य, हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी पूरन कुमार झा और एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से जांच की। मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम ने भी कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। स्थानीय विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। पचरुखी थाना पुलिस ने मृतक की मां सुशीला देवी के बयान पर दो नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों को दबोचने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


