बिहार में कोरोना वायरस की रफ्तार बढ़ी, पटना में 7 नए केस मिले; डॉक्टर भी संक्रमित
बिहार के पटना में शुक्रवार को 7 नए लोगों में कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई। यहां अब तक कोरोना वायरस के 17 केस मिल चुके हैं।

Covid in Bihar: बिहार में कोरोना वायरस के नए दौर का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। पटना में बीते 24 घंटे के भीतर एक जूनियर डॉक्टर समेत 7 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें 3 लोग नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हुई जांच में संक्रमित पाए गए, जबकि 4 दो निजी लैब में जांच के बाद कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सिविल सर्जन दफ्तर को भेजी गई रिपोर्ट से कोरोना पीड़ितों की संख्या का खुलासा हुआ।
पटना के कोरोना पीड़ितों में एक-एक मरीज कंकड़बाग, अगमकुआं और आरपीएस मोड़ के रहने वाले हैं। बाकी शहर के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं। सिविल सर्जन डॉ. अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को एनएमसीएच में 26 संदिग्ध लोगों की सैंपल की जांच हुई। इनमें 3 मरीज संक्रमित मिले। तीनों मरीज में एक नेत्र विभाग, दूसरा सर्जरी और तीसरा मेडिसिन विभाग में इलाज कराने आया था।
कोविड के अब तक 17 केस आए
बताते चलें कि बीते एक सप्ताह के अंदर पटना के पीएमसीएच, एनएमसीएच, एम्स और आईजीआईएमएस के अलावा निजी लैब और अस्पतालों में 80 से अधिक संदिग्ध लोगों की जांच की गई है। इनमें कुल 17 मरीजों में अब तक कोविड की पुष्टि हो चुकी है।
पीएमसीएच और आईजीआईएमएस में होगी जांच
सिविल सर्जन के मुताबिक, एनएमसीएच में जांच शुरू हो गई है। वहीं पीएमसीएच, आईजीआईएमएस, न्यू गार्डिनर रोड अस्पताल, एनएनजेपी हड्डी अस्पताल के अलावा जिले के सभी पीएचसी और अनुमंडलीय अस्पतालों को किट उपलब्ध कराई जा रही है। इन अस्पतालों में सोमवार से जांच शुरू करने की उम्मीद है।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


