बिहार चुनाव में पैसे लेकर टिकट देने का आरोप, राजेश राम और अल्लावरू के सामने हंगामा

Jan 28, 2026 09:20 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
share Share
Follow Us on

हंगामे के बीच राजेश राम ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. शकील को 'थका हुआ नेता' बताया। पार्टी के राम नारायण झा ने दावा किया कि जाले विस क्षेत्र के व्यवसायी मो. नौशाद ने 16 लाख रुपये देकर एआईसीसी की सदस्यता ली।

बिहार चुनाव में पैसे लेकर टिकट देने का आरोप, राजेश राम और अल्लावरू के सामने हंगामा

बिहार कांग्रेस में असंतोष सतह पर आता जा रहा है। दरभंगा में कांग्रेस की बैठक में जमकर हंगामा हुआ है। शहर के बलभद्रपुर में मंगलवार को जिला कांग्रेस की बैठक में भारी हंगामा हुआ। कार्यकर्ताओं और नेताओं ने शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत आयोजित चौपाल और संवाद में बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम समेत कई नेताओं की मौजूदगी में जमकर नारेबाजी हुई।

हंगामे के बीच राजेश राम ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. शकील को 'थका हुआ नेता' बताया। पार्टी के राम नारायण झा ने दावा किया कि जाले विस क्षेत्र के व्यवसायी मो. नौशाद ने 16 लाख रुपये देकर एआईसीसी की सदस्यता ली। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह पर भी पैसे ले टिकट बांटने का आरोप लगया। वहीं, जिला प्रवक्ता मो. असलम ने स्वीकारा कि चुनाव के समय से ही कार्यकर्ताओं का एक गुट नाराज है।

बिहार में अपराध बढ़ने का आरोप लगाकर कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार को लहेरियासराय टावर पर केंद्र व राज्य सरकार के विरोध में उग्र प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव सह बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। हर तरफ से रेप व हत्या की घटना सामने आ रही है, जो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंता का विषय बना हुआ है। पटना में नीट छात्रा के साथ जिस तरह से रेप कर हत्या कर दी गई, इससे बिहार के लोगों में सरकार के प्रति काफी आक्रोश है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिल रहा है, इसलिए उनका मनोबल बढ़ा हुआ है। बिहार में सरकारी आंकड़ों के अनुसार लगभग तीन हजार रेप व हत्या के मामला सामने आए हैं। इससे ज्यादा घटनाएं हुई हैं, जिसे छुपा लिया गया है। बिहार विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि बिहार में वोट चोरी की सरकार बनी है, इसलिए इन्हें जनता से कोई लेना-देना नही है।

महंगाई व बेरोजगारी चरम पर है, लोग कर्ज के बोझ से परेशान होकर आत्महत्या कर रहे हैं। इससे पूर्व जिला कांग्रेस कार्यालय में संगठन सृजन को लेकर कार्यकर्ताओं से प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने संवाद किया। कृष्णा अल्लावरु ने कार्यकर्ताओं से आपसी वैमनस्यता और भेदभाव को भुलाकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दयानंद पासवान व संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष सीताराम चौधरी ने किया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक ऋषि मिश्रा, प्रवीण कुशवाहा, जितेंद्र गुप्ता, कुमार आशीष, डॉ. राशिद फाकरी, मिथिलेश चौधरी, हसीब अनवर, इम्तेयाज नुरानी, पं. रामनारायण झा, जिला प्रवक्ता मो. असलम, जीवन झा, परमानंद झा, रतिकांत झा, नारायण जी झा, भूषण आजाद, रामपुकार चौधरी, गणेश चौधरी, डॉ. मुन्ना खां आदि थे।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें