चिराग की सांसद शांभवी चौधरी ने दो बार दिया वोट? VIDEO पर पटना डीएम की आई सफाई
समस्तीपुर से चिराग पासवान की पार्टी लोजपा-आर की सांसद एवं नीतीश सरकार में मंत्री अशोक चौधरी की बेटी शांभवी चौधरी पर कांग्रेस ने दो बार वोट देने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने इसका वीडियो भी शेयर किया है। इस पर पटना जिला प्रशासन की सफाई भी आ गई है।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की समस्तीपुर सांसद शांभवी चौधरी पर बिहार विधानसभा चुनाव में दो बार वोट डालने का आरोप लगा है। राहुल गांधी की पार्टी कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया कि शांभवी चौधरी के दोनों हाथों की अंगुलियों में वो स्याही लगी हुई है, जो मतदान के बाद पोलिंग बूथ पर मतदाता की एक अंगुली में लगाई जाती है। वीडियो में शांभवी अपने पिता एवं नीतीश सरकार में जेडीयू के वरीय मंत्री अशोक चौधरी के साथ दिख रही हैं। पटना जिला प्रशासन ने वीडियो पर सफाई देते हुए कहा कि गलती से उनके दोनों अंगुली पर स्याही लग गई थी।
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक फेसबुक हैंडल से शुक्रवार को एनडीए सांसद शांभवी चौधरी के दो फोटो शेयर किए और लिखा- दोनों हाथ से वोट चोरी, गजब खेला है। इसके बाद बिहार कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल से भी इसका एक वीडियो शेयर किया गया, जिसमें शांभवी चौधरी पहले अपने दायें हाथ की उंगली कैमरे के सामने दिखाती हैं। फिर अचानक बायां हाथ नीचे रखकर बाएं हाथ की उंगली उठाती दिखाती हैं। कांग्रेस का दावा है कि शांभवी के दोनों हाथों की उंगलियों में स्याही लगी हुई है। उनके साथ शांभवी के पिता और मंत्री अशोक चौधरी भी मौजूद हैं।
पटना डीएम बोले- गलती से दो अंगुली पर लग गई स्याही
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पटना जिला प्रशासन की सफाई आई है। डीएम ने शुक्रवार शाम बयान जारी कर कहा कि इस संबंध में 182-बांकीपुर विधानसभा के मतदान केंद्र संख्या-61 संत पॉल्स प्राईमरी स्कूल, बुद्धा कॉलोनी (मुख्य भाग का उत्तरी कमरा) के पीठासीन पदाधिकारी से जानकारी की गई। उनके द्वारा स्पष्ट किया गया कि स्याही लगाने वाले मतदान कर्मी के द्वारा भूलवश शांभवी के दाहिने हाथ की अंगुली पर स्याही लगा दिया गई थी।
डीएम ने कहा कि पीठासीन पदाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद बायें हाथ की अंगुली पर भी स्याही लगाई गई। जिला प्रशासन ने शांभवी चौधरी के दो जगह वोट देने के दावे को खारिज कर दिया और कहा कि उन्होंने बांकीपुर विधानसभा में मतदान केंद्र संख्या 61 पर ही वोट डाला है।
बता दें कि बिहार में गुरुवार 6 नवंबर को विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 121 सीटों पर वोटिंग हुई थी। शांभवी ने अपने पिता अशोक चौधरी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पटना के बांकीपुर में वोट डाला था। बिहार चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है। इसके बाद दोनों चरणों की मतगणना 14 नवंबर को होगी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


