तेजस्वी की मुसीबत बनी कांग्रेस; विधानसभा में माहौल बिगाड़ा, राज्यसभा में खेल; वोट में चार MLA गायब!

Ritesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

Rajya Sabha Elections RJD Congress: बिहार में कांग्रेस तेजस्वी यादव की मुसीबत बन गई है। राज्यसभा चुनाव में तेजस्वी ने ओवैसी और मायावती से 6 वोट का इंतजाम किया था, लेकिन कांग्रेस के 3 और राजद के 1 विधायक ही गायब रहे।

तेजस्वी की मुसीबत बनी कांग्रेस; विधानसभा में माहौल बिगाड़ा, राज्यसभा में खेल; वोट में चार MLA गायब!

Rajya Sabha Elections RJD Congress: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता लालू यादव और तेजस्वी यादव के लिए बिहार में कांग्रेस मुसीबत बनती जा रही है। राज्यसभा चुनाव में 5वीं सीट लड़ रहे राजद के मौजूदा सांसद अमरेंद्रधारी सिंह उर्फ एडी सिंह को वोट देने के लिए कांग्रेस के एक-दो नहीं तीन-तीन विधायक नहीं पहुंचे। तेजस्वी के लिए खुद का सबक भी रहा कि उनके एक विधायक भी नहीं आए। तेजस्वी ने बड़े जतन ने असदुद्दीन ओवैसी और मायावती की पार्टी एआईएमआईएम और बीएसपी का समर्थन जुटाकर एडी सिंह की जीत के लिए घट रहे 6 वोटों का इंतजाम कर लिया था। लेकिन महागठबंधन के अपने 4 विधायकों के वोट से दूर रहने से लग रहा है कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने खेल कर दिया है।

बीजेपी कैंडिडेट शिवेश राम राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के 5वें कैंडिडेट हैं, जिनके पास एनडीए के चार कैंडिडेट को जिताने के बाद बचे 38 वोट हैं। महागठबंधन ने ओवैसी और मायावती के विधायक का साथ लेकर अपनी संख्या 35 से 41 कर ली थी, लेकिन कांग्रेस के 3 और राजद के 1 विधायक के वोट नहीं डालने से एडी सिंह 41 से 37 पर गिरते दिख रहे हैं। 243 में 239 विधायकों ने वोट दिया है। इससे जीत का कोटा भी नीचे जा सकता है, जिसे 100 के गुना में जोड़ा और देखा जाता है। विधानसभा चुनाव के दौरान भी महागठबंधन के सीट बंटवारे में देरी और किचकिच को पराजय के कई कारणों में एक माना गया था, जिसकी एक वजह कांग्रेस थी।

Bihar Rajya Sabha Election Live: तेजस्वी को क्रॉस वोटिंग का डर, 4 विधायक अभी तक नहीं पहुंचे

कांग्रेस के वाल्मीकि नगर के विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा, फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास और मनिहारी एमएलए मनोहर प्रसाद सिंह जबकि राजद के ढाका विधायक फैसल रहमान का वोट नहीं गिरा। तेजस्वी विधानसभा में मौजूद थे, लेकिन इस सवाल को टाल रहे थे कि उनके साथ खेल हो चुका है। तेजस्वी ने कहा था कि मतदान का समय शाम 4 बजे तक है, तब तक इंतजार करेंगे और इस पर चुनाव नतीजों के बाद ही वह कुछ कहेंगे।

उपेंद्र कुशवाहा सेफ, 5वीं राज्यसभा सीट पर एडी सिंह और शिवेश राम में कौन जीत रहा?

चार विधायकों के वोट नहीं करने से एनडीए को 5वीं सीट पर भी बढ़त की संभावना प्रबल हो रही है। अगर वोट डाल चुके बाकी विधायकों ने कुछ इधर-उधर ना किया हो, जिससे वोट कैंसिल हो जाए या क्रॉस वोटिंग कर दी हो तो एनडीए के सारे कैंडिडेट दिल्ली पहुंच जाएंगे। एडी सिंह को पूर्व सांसद बनाकर शिवेश राम भी राज्यसभा सांसद बन जाएंगे। एनडीए के बाकी चार कैंडिडेट में जेडीयू के अध्यक्ष और सीएम नीतीश कुमार, भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन, जेडीयू के केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।