Hindi NewsBihar NewsComplete process of Nitish New NDA Government formation in 10 steps LJP R HAM RLM ahead of BJP JDU in picking leaders
10 चरणों में बनेगी नीतीश की 10वीं सरकार; NDA में 3 स्टेप पूरा हो चुका है, BJP-JDU ही पीछे

10 चरणों में बनेगी नीतीश की 10वीं सरकार; NDA में 3 स्टेप पूरा हो चुका है, BJP-JDU ही पीछे

संक्षेप:

Nitish NDA Govt Formation: बिहार में 10वीं बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे नीतीश कुमार की नई सरकार का गठन 10 चरणों में होगा। 3 स्टेप पूरे हो चुके हैं। बिहार में यह एनडीए की 8वीं सरकार होगी, जिसमें एक बार जीतनराम मांझी भी सीएम रहे।

Nov 17, 2025 08:34 pm ISTRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share Share
Follow Us on

Nitish NDA Govt Formation: बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में दो तिहाई से ऊपर बंपर बहुमत के साथ सरकार में लौटे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की नई सरकार का गठन कुल 10 चरणों में पूरा होगा। 243 सदस्यों की विधानसभा में 202 विधायकों के समर्थन से नीतीश 10वीं बार मुख्यमंत्री बनेंगे। बिहार में एनडीए की यह 8वीं सरकार होगी, जिसमें 7 बार नीतीश व 1 बार जीतनराम मांझी सीएम रहे। सरकार गठन से पहले दिल्ली से पटना तक गठबंधन के नेताओं की बैठकों का दौर चल रहा है। सरकार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू), लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास (एलजेपी-आर), हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (एचएएम) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) को क्रमशः 15, 14, 3 और 1-1- मंत्री मिल सकते हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

सरकार गठन की प्रक्रिया विधायक दल का नेता चुने जाने से शुरू होती है। अब चूंकि एनडीए का हिस्सा पांच पार्टियां हैं तो पहले तो सब अपने-अपने विधायक दल का नेता चुनेंगे और फिर अंत में एनडीए गठबंधन के विधायक दल का नेता चुना जाए। इसके बाद विधायकों के समर्थन की सूची के साथ एनडीए विधायक दल के नेता राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। तब नए नेता को सरकार बनाने का औपचारिक न्योता मिलेगा और 20 नवंबर को गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समरोह होगा। शपथ समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत भाजपा और एनडीए सरकार के सीएम पहुंच सकते हैं।

नीतीश की नई सरकार के गठन के 10 चरण और उसका स्टेटस

1. राष्ट्रीय लोक मोर्चा के विधायक दल के नेता का चुनाव- उपेंद्र कुशवाहा के दल के 4 विधायकों ने रालोमो विधायक दल का नेता चुनने के लिए कुशवाहा को ही अधिकृत कर दिया है। यह स्टेप पूरा हो चुका है और कुशवाहा को बस नाम का ऐलान करना है।

2. हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा के विधायक दल के नेता चुनाव- जीतनराम मांझी और संतोष सुमन की पार्टी हम के 5 विधायकों ने सिकंदरा से लगातार दूसरी बार जीते प्रफुल्ल मांझी को विधायक दल का नेता चुन लिया है। यह स्टेप भी पूरा हो चुका है।

3. लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के विधायक दल के नेता का चुनाव- चिराग पासवान की पार्टी लोजपा-आर के 19 विधायकों ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और गोविंदगंज से दूसरी बार एमएलए बने राजू तिवारी को विधायक दल का नेता चुना है। यह स्टेप भी पूरा है। इसके बाद के चरण बाकी हैं जो कल से परसों तक पूरे होने की संभावना है।

4. जनता दल यूनाइटेड के विधायक दल के नेता का चुनाव- नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के 85 विधायक जीते हैं। जदयू विधायक दल के नेता के चुनाव की तारीख और समय अभी तय नहीं हुई है। संभावना है कि मंगलवार या बुधवार को यह बैठक होगी।

5. भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल के नेता का चुनाव- बिहार में दिलीप जायसवाल के नेतृत्व वाली भाजपा के 89 विधायक चुने गए हैं। पार्टी के विधायकों की मंगलवार को बैठक बुलाई गई थी लेकिन शाम में दिलीप जायसवाल ने कहा कि 19 नवंबर को बैठक होगी।

6. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के विधायक दल के नेता का चुनाव- नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग के पांच दलों के 202 विधायक जीते हैं। पांच पार्टियों के विधायक दल का नेता चुनने के बाद एनडीए विधायक दल की बैठक होगी। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा है कि यह बैठक बुधवार को होगी और उसमें गठबंधन का नेता चुना जाएगा।

7. राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश करना- एनडीए विधायक दल का नेता बनने के बाद नीतीश कुमार राजभवन जाकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मिलेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। नीतीश के साथ सहयोगी दलों के विधायक दल के नेता भी जाएंगे और गवर्नर को 202 विधायकों के समर्थन को लेकर अपने-अपने दल का सपोर्ट लेटर सौंपेंगे।

8. एनडीए विधायक दल के नेता को सरकार बनाने का न्योता- बिहार विधानसभा में बहुमत को लेकर कोई कन्फ्यूजन नहीं है, इसलिए राज्यपाल बिना देरी के नीतीश कुमार को सरकार बनाने का न्योता दे देंगे। नीतीश की सलाह पर शपथ की तारीख और जगह तय होगी। खबर है कि 20 नवंबर को नीतीश गांधी मैदान में शपथ लेंगे।

9. नई सरकार का शपथ ग्रहण- राज्यपाल के न्योता के बाद निर्धारित तारीख और जगह पर नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। इसमें नीतीश के साथ-साथ डिप्टी सीएम और कुछ मंत्री शपथ ले सकते हैं। देखना यह होगा कि 35 मंत्री उसी दिन शपथ लेते हैं या कुछ नेताओं को विधानसभा में बहुमत परीक्षण के बाद मंत्रिमंडल विस्तार में मिनिस्टर बनाया जाता है।

10. विधानसभा में बहुमत परीक्षण- नीतीश के नेतृत्व में नई कैबिनेट के शपथ ग्रहण के बाद जल्द ही विधानसभा का सत्र बुलाया जाए। प्रोटेम स्पीकर पहले सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। उसके बाद सरकार सदन में औपचारिक रूप से अपना बहुमत साबित करेगी। इसके साथ ही सरकार गठन की प्रक्रिया खत्म हो जाएगी।

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा लगभग ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। बिहार में दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने के बाद दिल्ली-एनसीआर में विराट वैभव, दैनिक भास्कर, आज समाज, बीबीसी हिन्दी, स्टार न्यूज, सहारा समय और इंडिया न्यूज के लिए अलग-अलग भूमिका में काम कर चुके हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar Shapath Grahan, Bihar Election Result 2025, Bihar Chunav Result, बिहार चुनाव 2025 , Bihar vidhan sabha seats , बिहार चुनाव एग्जिट पोल्स और बिहार चुनाव 2025 की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।