बाढ़ से तबाही पर सीएम सम्राट ऐक्शन में, हवाई सर्वेक्षण कर कई निर्देश दिए; फरक्का बराज के सभी गेट खुले

पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो
Follow us on Google News
share

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी का निर्देश दिया। इस बीच फरक्का बराज के सभी गेट खोल दिए गए हैं। 

बाढ़ से तबाही पर सीएम सम्राट ऐक्शन में
बाढ़ से तबाही पर सीएम सम्राट ऐक्शन में

Bihar Floods: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आग्रह पर पश्चिम बंगाल की सरकार ने फरक्का बराज के सभी गेट खोल दिये हैं। मुख्यमंत्री ने रविवार को गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पश्चिम बंगाल से सीएम शुभेंदु अधिकारी से फोन पर बात कर सभी गेट खोलने का आग्रह किया था। इधर मुख्यमंत्री ने सोमवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। अधिकारियों को अविलंब मरम्मती कार्य कराने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए नवगछिया राघोपुर दियारा, कोसी-गंगा संगम क्षेत्र, बेगूसराय एवं बख्तियारपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गंगा नदी एवं इसकी सहायक नदियों के जलस्तर, दियारा एवं निचले इलाकों में उत्पन्न स्थिति तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहे। प्रभावित लोगों तक भोजन, पेयजल, राहत सामग्री एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

एयरपोर्ट पर उच्चस्तरीय बैठक

हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने भागलपुर एयरपोर्ट पर उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान बाढ़ की स्थिति, जलस्तर, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि तेजी से पानी का दवाब कम हो रहा है। बहुत जल्द स्थिति में सुधार होगा।

बाढ़ प्रभावितों की सुरक्षा प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखी जाएं तथा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा जलस्तर एवं बाढ़ की स्थिति में होने वाले किसी भी बदलाव की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया।

लगातार निगरानी करें अधिकारी

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अविलंब मरम्मत कार्य कराने का निर्देश दिया। कहा कि जल संसाधन विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहे। लगातार निगरानी करते रहे। बाढ़ प्रभावितों को पूरी सहायता उपलब्ध कराते रहें। राहत और बचाव कार्य पूरी मुस्तैदी से करें। हवाई सर्वेक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी थे। वहीं, बैठक में ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक, अभियान कुंदन कृष्णन, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह आदि उपस्थित थे।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsबाढ़ पर सीएम सम्राट ऐक्शन में, अलर्ट पर अधिकारी; फरक्का बराज के सभी गेट खुले