विद्यार्थियों को सीएम सम्राट का गिफ्ट: बिहार विद्या साथी ऐप पर 75 हजार टीचर 24 घंटे ऑनलाइन पढ़ाएंगे

पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो
Follow us on Google News
share

राज्य के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए इंटरैक्टिव ऐप ‘बिहार विद्या साथी’ का शुभारंभ किया। इस ऐप से 24 घंटे और सातों दिन (24x7) पढ़ाई की सुविधा मिलेगी।

बिहार विद्या साथी एप का शुभारंभ करते सीएम सम्राट चौधरी और अन्य मंत्री
बिहार विद्या साथी एप का शुभारंभ करते सीएम सम्राट चौधरी और अन्य मंत्री

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को राज्य के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए इंटरैक्टिव ऐप ‘बिहार विद्या साथी’ का शुभारंभ किया। इस ऐप से 24 घंटे और सातों दिन (24x7) पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। सीएम ने इसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थी जब, जहां से चाहें अपनी पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले चरण में राज्य के 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों से शुरू हो रही इस पहल से लगभग तीन लाख विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। आगे ऐसे विद्यालयों की संख्या और बढ़ायी जाएगी। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 24 घंटे लाइव शिक्षक उपलब्ध रहेंगे। विद्यार्थी अपनी आवश्यकता और पसंद के अनुसार शिक्षक का चयन कर उनसे वन-टू-वन संवाद के माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि 75 हजार शिक्षक विद्यार्थियों को व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग देंगे। कक्षा 9वीं-10वीं के विद्यार्थियों के लिए सभी विषय तथा कक्षा 11वीं-12वीं के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को लाइव ट्यूटर सपोर्ट के साथ बिहार बोर्ड, जेईई और नीट की तैयारी के लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। आधुनिक एआई टूल्स के माध्यम से कॉन्सेप्ट लर्निंग को और बेहतर बनाया जाएगा। उन्हें असीमित अध्ययन एवं अभ्यास की सुविधा मिलेगी।

मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, शिक्षा सचिव राजीव रौशन, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे। वीसी के माध्यम से सभी जिलाधिकारी एवं विद्यार्थी जुड़े रहे।

अन्य स्कूलों में शुरू होगी यह सुविधा : मुख्यमंत्री

सीएम ने कहा कि मॉडल स्कूलों से शुरू की जा रही यह व्यवस्था भविष्य में अन्य विद्यालयों में भी उपलब्ध करायी जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यह एक अच्छी शुरुआत है। इसका भरपूर लाभ उठाएं, अपनी जिज्ञासा का समाधान करें और ज्ञान एवं कौशल के माध्यम से अपने जीवन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी जहां भी हो, जब भी पढ़ें, उनके सवाल का जवाब और शिक्षक का सहयोग हमेशा उसके साथ हो।

ऐप पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित

कार्यक्रम के दौरान ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम में राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय शास्त्रीनगर की छात्रायें जाहन्वी एवं जिया ने इस ऐप के प्रयोग का डेमो दिखाया और इससे हो रही सुविधाओं एवं लाभ के बारे में जानकारी दी तथा मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsविद्यार्थियों को सीएम सम्राट का गिफ्ट: विद्या साथी ऐप पर 24 घंटे ऑनलाइन पढ़ाई