सीएम सम्राट के पिता शकुनी चौधरी बीमार, पटना IGIMS में भर्ती; स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने जाना हाल
सांस लेने में परेशानी और ऑक्सीजन लेवल डाउन होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। पहले उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट(सीसीयू) में भर्ती कराया गया और देर शाम हालात में सुधार होने के बाद उन्हें दूसरे डिलक्स रूम में शिफ्ट कर दिया गया।

CM Samrat Choudhary Father admitted in IGIMS: बिहार के सीएम सम्राट चौधरी के पिता पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी बीमार हैं। उन्हें पटना स्थिति आईजीआईएमएस में भर्ती कराया गया है। सांस लेने में परेशानी और ऑक्सीजन लेवल डाउन होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। पहले उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट(सीसीयू) में भर्ती कराया गया और देर शाम हालात में सुधार होने के बाद दूसरे डिलक्स रूम में शिफ्ट कर दिया गया। पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने आईजीआईएमएस पहुंचकर उनका हाल चाल जाना और डॉक्टरों को खास निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें भी शेयर किया। डॉक्टरों की टीम बनाकर उनका इलाज किया जा रहा है। विशेष व्यवस्था में उनके स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है।
शकुनी चौधरी से मिलने के बाद निशांत कुमार ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज वरिष्ठ समाजवादी नेता एवं मननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी के पिता श्री शकुनी चौधरी जी से आत्मीय मुलाकात कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। उनका लंबा राजनीतिक अनुभव, संघर्षमयी जीवन और जनसेवा के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। निशांत कुमार ने सात मई को कैबिनेट विस्तार में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के रूप में शपथ ली। निशांत कुमार अपने से बड़ी उम्र के लोगों का बहुत सम्मान करते हैं। शकुनी चौधरी की स्थिति ठीक बताई जा रही है।
आईजीआईएमएस के डॉक्टरों से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार को सीएम से पिता को गंभीर अस्थमा अटैक आया था। इस वहज से उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। उनका ऑक्सीजन लेवल भी गिर गया था। शकुनी चौधरी ठीक से बात नहीं कर पा रहे थे। सूचना दिए जाने पर मेडिकल टीम उनके पास पहुंची और वहां से आईजीआईएमएस ले जाया गया। सांस लेने में तकलीफ के कारण उन्हें तत्काल सीसीयू में भर्ती करना पड़ा। इलाज शुरू होने के कुछ बाद उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार देखा गया। देर शाम तक स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें सीसीयू से डीलक्स रूम में शिफ्ट कर दिया गया। डॉक्टरों की ओर से बताया गया है कि अब उनकी हालत सामान्य है। माना जा रहा है कि सबकुछ ठीक रहा तो कल शुक्रवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।
गुरुवार को जब शकुनी चौधरी की तबीयत खराब हुई तब सीएम सम्राट चौधरी दरभंगा दौरे पर थे। दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था सीआईएसएफ के हवाले कर दी गयी है। पहले बिहार पुलिस हवाई अड्डे की सुरक्षा में तैनात थी। सम्राट चौधरी ने मंच से सुरक्षा की कमान सीआईएसएफ के वरीय अधिकारी को सौंपा।
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

