बिहार: 12 अक्टूबर को बाढ़ पीड़ितों के खाते में सम्राट चौधरी भेजेंगे पैसा, विभागों से नुकसान की मांगी रिपोर्ट
बिहार में बाढ़ पीड़ितों के खाते में 12 अक्टूबर को सात-सात हजार रुपये की राहत राशि भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़ की स्थिति और इससे हुए नुकसान को लेकर अहम बैठक की है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि बाढ़ से हुई क्षति, उसके पुनर्स्थापन में होने वाले खर्च का आकलन कर प्रथम दृष्टया विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करें। ताकि, प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास तथा आवश्यक विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि द्वितीय चरण में बाढ़ से प्रभावित परिवारों के बीच 12 अक्टूबर को अनुग्रहिक राहत राशि सात-सात हजार वितरित की जायेगी। मुख्यमंत्री ने बाढ़ की स्थिति एवं इससे हुई क्षति को लेकर मंगलवार को लोक सेवक आवास में समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से जल निकलने के बाद संभावित परेशानियों को ध्यान में रखते हुये आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें।
इस वर्ष गंगा, गंडक एवं सोन नदियों में पूर्व के वर्षों की तुलना में अधिक मात्रा में पानी आने के कारण बाढ़ की गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई। नदियों में बाढ़ आने की एक प्रमुख वजह नदी तल में गाद (सिल्ट) का जमा होना भी है। बिहार देश का पहला राज्य है, जिसने गाद नीति बनाई है। मुख्यमंत्री ने नदियों की वर्तमान स्थिति एवं बाढ़ से हुई क्षति की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने बिहार में दो चरणों में आई बाढ़ के कारणों तथा उत्पन्न स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में गंगा, सोन, घाघरा, कोसी एवं पुनपुन नदियों में उच्चतम जल स्तर दर्ज किया गया।
वहीं, दूसरे चरण में अधिक बारिश के कारण गंडक नदी में चार स्थलों पर उच्चतम जल स्तर दर्ज किया गया। पश्चिम चंपारण, गोपालगंज एवं सारण जिले में छह स्थलों पर तटबंध क्षतिग्रस्त हुए थे। आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने बाढ़ के दौरान किये गये राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
बाढ़ की स्थिति अब अंतिम चरण में : विजय चौधरी
उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि राज्य में बाढ़ की स्थिति अब अंतिम चरण में पहुंच रही है। स्थिति सभी जगह नियंत्रण में है। हालांकि सरकार अभी भी पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वे मंगलवार को जदयू दफ्तर में जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार गंडक और गंगा ने कई जगहों पर नया उच्चतम जलस्तर बनाया। इसके कारण कई स्थानों पर तटबंधों पर भारी दबाव की स्थिति बनी।
विजय चौधरी ने कहा कि कुछ जगहों पर अभियंताओं की सुस्ता और लापरवाही भी सामने आई। गंडक के तटबंध में कई जगह टूटान होने पर सात अभियंताओं को निलंबित किया गया है। एक मुख्य अभियंता पर विभागीय कार्रवाई की जा रही है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों में गाद की समस्या से परेशानी बढ़ रही है। मौकेपर ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, विधानपार्षद संजय गांधी, डॉ. नवीन आर्य और अंजुम आरा मौजूद थी।


