बेलवा-मीनापुर लिंक से जुड़ गईं बागमती और बूढ़ी गंडक, सीएम सम्राट चौधरी ने गिनाए फायदे

पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो
Follow us on Google News
share

बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल बागमती नदी के अतिरिक्त जल को बूढ़ी गंडक नदी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस परियोजना के शुरू होने से बाढ़ के समय अतिरिक्त जल का प्रबंधन होगा, बाढ़ की तीव्रता में कमी आएगी।

CM Samrat Choudhary
CM Samrat Choudhary

CM Samrat Choudhary News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को बागमती-बूढ़ी गंडक नदी जोड़ परियोजना के अंतर्गत शिवहर जिले के बेलवा से मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर तक के लिंक चैनल का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल बागमती नदी के अतिरिक्त जल को बूढ़ी गंडक नदी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस परियोजना के शुरू होने से बाढ़ के समय अतिरिक्त जल का प्रबंधन होगा, बाढ़ की तीव्रता में कमी आएगी। सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ होगी, जिससे लाखों किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

शिवहर के पिपराही प्रखंड के बेलवा में आयोजित समारोह में उन्होंने कहा कि लगभग 68.80 किलोमीटर लंबी इस लिंक चैनल परियोजना का निर्माण 130 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से किया गया है। यह परियोजना बागमती बाढ़ प्रबंधन योजना का एक महत्वपूर्ण अंग है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार जल संसाधनों के वैज्ञानिक एवं समग्र प्रबंधन, बाढ़ नियंत्रण और किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है।

ऐतिहासिक पहल

सीएम ने कहा कि नदी जोड़ परियोजनाएं विकसित बिहार की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है और राज्य के सतत् विकास का मजबूत आधार बनेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को साकार करने के उद्देश्य से नदी जोड़ परियोजनाओं की परिकल्पना की गई थी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है, जिससे राज्य में समेकित जल संसाधन प्रबंधन को नई दिशा मिल रही है। मुख्यमंत्री ने बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल का निरीक्षण भी किया।

ये होंगे फायदे

1.परियोजना से सिंचाई क्षमता में वृद्धि के साथ कृषि उत्पादन बढ़ेगा।

2.किसानों की आय में इजाफा होगा तथा मछली पालन सहित अन्य कृषि आधारित गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

3.भू-जल पुनर्भरण, हरित आवरण में वृद्धि, पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।

40 योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया

मुख्यमंत्री ने शिवहर जिले के लिए 200 करोड़ की लागत की 40 विकास योजनाओं का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 22 योजनाओं का उद्घाटन और 18 का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगे जीविका, उद्योग विभाग, कृषि विभाग, शिक्षा विभाग और बिहार पुलिस के (अभया ब्रिगेड एवं साइबर क्राइम) के स्टॉलों का निरीक्षण किया। साथ ही शिवहर जिला के 4550 जीविका स्वयं सहायता समूह को 25 करोड़ 35 लाख रूपए का सांकेतिक चेक प्रदान किया। इस अवसर पर केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री मिथिलेश तिवारी, डॉ. श्वेता गुप्ता, लखेंद्र कुमार रौशन, सांसद लवली आनंद, देवेश चंद्र ठाकुर, विधायक अमित कुमार, विधान पार्षद बंशीधर बृजवासी, रेखा कुमारी, पूर्व सांसद रमा देवी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह आदि उपस्थित थे।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।