5 साल में 10 गुनी बढ़ेगी बिहार की एयर कनेक्टिविटी, सीएम सम्राट का ऐलान, इन जिलों से हवाई सेवा जल्द

Sudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

सम्राट चौधरी ने  कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने न सिर्फ बिहार में सड़कों का जाल बिछाया, बल्कि एयरपोर्ट का भी विस्तार भी किया।

5 साल में 10 गुनी बढ़ेगी बिहार की एयर कनेक्टिविटी, सीएम सम्राट का ऐलान, इन जिलों से हवाई सेवा जल्द

Samrat Choudhary: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि अगले पांच वर्षों में राज्य में हवाई संपर्कता को दस गुना बढ़ाया जायेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005-06 में बिहार से प्रति वर्ष हवाई यात्रा करनेवालों की संख्या मात्र ढाई लाख थी, जो अब बढ़कर 50 लाख से अधिक हो गई है। हम ऐसी व्यवस्था बना रहे हैं कि अगले पांच वर्षों में बिहार से चार से पांच करोड़ लोग हवाई यात्रा कर सकें।

मुख्यमंत्री गुरुवार को दरभंगा हवाई अड्डा की सुरक्षा को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के हस्तांतरण कार्यक्रम में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने दरभंगा में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के पुलिस महानिदेशक प्रवीर रंजन को सीआईएसएफ का फ्लैग एवं सांकेतिक चाबी प्रदान कर हवाई अड्डा के सुरक्षा की कमान सौंपी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने न सिर्फ बिहार में सड़कों का जाल बिछाया, बल्कि एयरपोर्ट का भी विस्तार भी किया।

दरभंगा एयरपोर्ट का नामकरण बाबा विद्यापति जी के नाम पर हो, इसके लिए हम प्रधानमंत्री से आग्रह करेंगे। इस एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलों में एयर ट्रैफिक का विस्तार करना है। वह चाहे एयरपोर्ट, एयर स्ट्रीप या हेलीपोर्ट के रूप में हो। मुजफ्फरपुर, रक्सौल, सहरसा और वीरपुर में एयरपोर्ट के लिए निविदा जारी हो चुकी है। पूर्णिया एयरपोर्ट चालू हो चुका है। मुंगेर, अजगैबीनाथ, भागलपुर तथा बेगूसराय के एयरपोर्ट को भी हर हाल में चालू कराना है।

तीन गुना और अधिक विकास कार्य करना है

सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार मिथिलांचल सहित पूरे बिहार के विकास के लिए लगातार काम करते रहे हैं। नीतीश कुमार के द्वारा जो विकास कार्य किए गए हैं, उससे तीन गुना और अधिक विकास कार्य करना होगा। तभी बिहार विकसित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को ध्यान में रखते हुए यहां छोटे स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के लिए पीएम ने देशवासियों से हरसंभव सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर कार्यक्रमों का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ही करें। हमने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक महकमा को निर्देश दिया है कि आवश्यक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कम से कम वाहनों का प्रयोग करें।

उन्होंने कहा कि किशनगंज जिले के पोठिया अंचल में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना के लिए बिहार सरकार ने 110 एकड़ भूमि दिया है। यदि और जमीन की आवश्यकता होगी तो उसे उपलब्ध कराया जायेगा। बिहार के लोगों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। मौके पर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व सांसद संजय कुमार झा, सांसद गोपाल ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी एवं केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के महानिदेशक प्रवीर रंजन ने भी संबोधित किया।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।