अत्यंत अशोभनीय; दरभंगा में कांग्रेस-राजद के मंच से पीएम मोदी को गाली पर नीतीश ने कह दी बड़ी बात

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

पीएम मोदी को कांग्रेस-राजद के मंच से गाली देने के मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत अशोभनीय बताया है।

Nitish Kumar

दरभंगा में राहुल गांधी,तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस पार्टी के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देने का मामला तूल पकड़ रहा है। बीजेपी इसे लेकर राहुल गांधी पर हमलावर है। सीएम नीतीश कुमार ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पीएम को गाली दिए जाने पर गहरी नाराजगी जाहिर किया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नीतीश कुमार ने इसकी कड़ी निंदा की है। इस बीच, दरभंगा पुलिस ने खुले मंच से माइक पर पीएम को गाली देने के आरोपी मो रिजवी को गिरफ्तार कर लिया है। बीजेपी नेताओं ने इस प्रकरण में राहुल गांधी से जवाब मांगा है।

सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट में नीतीश कुमार ने लिखा है कि दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस और राजद के मंच से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और उनकी माता जी के विरूद्ध जिस प्रकार की अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है, वह अत्यंत अशोभनीय है और मैं इसकी निंदा करता हूं।

17 अगस्त से राहुल गांधी और तेजस्वी यादव बिहार में एसआईआर के विरोध में वोटर अधिकार यात्रा पर हैं जो सासाराम से निकली थी और एक सितम्बर को पटना में संपन्न होगी। बुधवार को उनकी यात्रा दरभंगा में थी। दरभंगा के जाले विधानसभा के रहने वाले नौशाद ने राहुल गांधी के स्वागत में कार्यक्रम का आयोजन किया था।नौशाद के कार्यक्रम में मंच से पीएम मोदी के लिए अपशब्द का इस्तेमाल हुआ जिसका वीडियो देश भर में वायरल हुआ। उसके बाद नौशाद ने सफाई देते हुए माफी मांग ली लेकिन, पुलिस की कार्रवाई और बीजेपी का हमला जारी है।

बीजेपी ने इसके लिए राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराते हुए माफी मांगने की डिमांड की है। कहा कि पीएम मोदी के लिए इस तरह की भाषा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पटना समेत कई जिलों में राहुल गांधी पर एफआईआर दर्ज कराने के लिए थानों में आवेदन भी दिए गए हैं। अब नीतीश कुमार के एक्टिव हो जाने से विरोध और जोरदार हो गया है। बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने वाला है। बीजेपी का दावा है कि बिहार की जनता आगामी चुनाव में महागठबंधन को इसका जवाब देगी।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।