
ऐक्शन में सीएम नीतीश कुमार, पहुंच गए सोनपुर मेला; जीविका दीदियों को दी यह बड़ी सौगात
नीतीश कुमार ने आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी, ग्राम श्री मंडप, आपदा प्रबंधन, राज्य स्वास्थ्य समिति , सामाजिक सुरक्षा, बिहार अग्निशमन सेवा और जीविका दीदियों समेत अन्य सरकारी स्टॉल और प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया।
सीएम नीतीश कुमार रविवार को 11 बजे सोनपुर मेला पहुंचे। उन्होंने सरकारी स्टॉल और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी, ग्राम श्री मंडप, आपदा प्रबंधन, राज्य स्वास्थ्य समिति , सामाजिक सुरक्षा, बिहार अग्निशमन सेवा और जीविका दीदियों समेत अन्य सरकारी स्टॉल और प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जीविका दीदियों के समूह को 42 लाख 53 हजार रुपये का चेक भी सौंपा। उसके बाद सीएम पटना लौट गए।
नीतीश कुमार ने मेले में लगे विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने आर्ट एंड ग्राफ्ट सेक्शन का विस्तृत निरीक्षण किया। एक-एक स्टॉल पर जाकर कलाकारों से मुलाकात की और उनकी कठिनाइयों को समझा। सीएम ने उनके अनुभवों को सुना और समझा। कलाकारों ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात खुलकर रखी, साथ ही सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की ज़मीनी हकीकत भी की जानकारी दी।
मेला में सीएम के आने की सूचना अधिकारियों को दी गई थी पर इसे सार्वजनिक नहीं किया गया था। मेला पहुंचे लोग और दुकानदार सीएम को अचानक अपने बीच पाकर बहुत खुश हुए। सीएम ने भ्रमण के दौरान कई लोगों से बात की। इस दौरान कई लोगों ने सीएम को शॉल देकर सम्मानित किया। नीतीश कुमार ने वही शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मेले में तैनात अधिकारियों से सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, स्वच्छता और सुविधाओं को लेकर विस्तृत जानकारी ली और सबकुछ दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। स्थानीय लोगों से भी संवाद कर उन्होंने मेले की स्थिति, सुझावों और कमियों के बारे में प्रत्यक्ष फीडबैक भी लिया। उन्होंने किसानों, पशुपालकों,कारीगरों और आगंतुकों से भी बात की।
सीएम बनने के बाद नीतीश कुमार ऐक्शन में दिख रहे हैं। पटना में उन्होंने बीते दिनों में कई योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। सचिवालय जाकर अधिकारियों को समय पर दफ्तर आने और काम पूरा करने का निर्देश दिया। शनिवार को वे नालंदा में अपने पैत्रिक गांव कल्याण बिगहा भी गए।





