
3 दिन से पटना एयरपोर्ट पर घूम रही संदिग्ध महिला को CISF ने पकड़ा; खुफिया एजेंसियां अलर्ट
पटना एयरपोर्ट से सीआईएसएफ ने एक संदिग्ध महिला को गिरफ्तार किया है। जो बीते 3 दिनों से एयरपोर्ट के अलग-अलग हिस्सों में घूम रही थी। पुलिस को महिला के बैग से 3 मोबाइल फोन, माचिस की डिब्बी, पूजा से जुड़ी चीजें और एक छोटी गुड़िया बरामद की है। महिला से पूछताछ जारी है।
पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार को सुरक्षा जांच के दौरान एक संदिग्ध महिला को सीआईएसएफ (CISF) के जवानों ने पकड़ा। बताया जा रहा है कि यह महिला बीते तीन दिनों से एयरपोर्ट परिसर के अलग-अलग हिस्सों में घूमती हुई देखी जा रही थी। उसकी गतिविधियां असामान्य लगने पर सुरक्षा बलों ने निगरानी बढ़ाई और आज उसे रोक लिया गया। तलाशी के दौरान महिला के पास से तीन मोबाइल फोन, माचिस की डिब्बी, पूजा से जुड़ी चीजें और एक छोटी गुड़िया बरामद हुई।
इन चीज़ों को देखकर सुरक्षाकर्मियों ने सतर्कता बरतते हुए तुरंत एयरपोर्ट थाने को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने साथ थाने ले गई। शुरुआती पूछताछ में महिला ने अपना नाम श्रुति शर्मा बताया और कहा कि वो गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के झुनझुन मोहल्ले की निवासी है। हालांकि, पुलिस को उसके बयानों में कई विरोधाभास मिले हैं। वो अपने लगातार एयरपोर्ट आने के कारण के बारे में स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रही है।
महिला से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बरामद सामान को जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही, एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि पिछले तीन दिनों में महिला की गतिविधियाँ कैसी रहीं और क्या वह किसी और के संपर्क में थी।





