आरक्षण पर लड़ रहे चिराग पासवान और मांझी इस मुद्दे पर एकमत, HAM के प्रस्ताव पर लोजपा का समर्थन

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने जीतनराम मांझी के बेटे एवं हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष मांझी की मांग का समर्थन किया है। हम और लोजपा-आर दोनों ही पार्टियों में एससी-एसटी आरक्षण के मुद्दे पर तकरार चल रही है। 

Santosh Suman Manjhi Chirag paswan
हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन और लोजपा-आर के प्रमुख चिराग पासवान (फाइल फोटो)

एससी-एसटी आरक्षण में सब-कोटा के मुद्दे पर आमने-सामने हुए एनडीए के दो घटक दल लोजपा (रामविलास) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) एक मुद्दे पर एकमत हो गए हैं। हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष मांझी उर्फ संतोष कुमार सुमन ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के जन्म स्थान बख्तियारपुर का नाम बदलने की मांग की। अब लोजपा-आर के मुखिया एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने इस पर अपना समर्थन दे दिया है। चिराग ने कहा कि बख्तियारपुर का नाम नीतीश के नाम पर होना चाहिए। दो दिन पहले केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी के बेटे संतोष ने भी बख्तियारपुर का नाम बदलकर नीतीशपुरम करने की मांग की थी।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने गुरुवार को पटना में मीडिया से बातचीत में कहा कि बख्तियारपुर का नाम नीतीश के नाम पर करने का सुझाव अच्छा है। नीतीश कुमार ने लंबे समय तक बिहार की तरक्की में बहुत बड़ा योगदान दिया। किसी जगह का नाम उनके नाम पर रखने से आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान को याद रखेंगी।

रामविलास की आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग

चिराग ने गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की और पटना में उनके पिता एवं लोजपा के संस्थापक दिवंगत रामविलास पासवान की आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग की। उन्होंने कहा, “चाहे नीतीश कुमार हों, रामविलास पासवान हों या लालू प्रसाद यादव, उनके नाम आने वाली पीढ़ियों तक याद रखे जाएंगे। उनके नाम पर जगहों का नाम रखने या उनकी प्रतिमाएं बनाने में कुछ भी गलत नहीं है।”

संतोष की बख्तियारपुर का नाम नीतीशपुरम करने की मांग

हम सुप्रीमो जीतनराम मांझी के बेटे एवं बिहार सरकार में मंत्री संतोष मांझी ने पटना जिले में स्थित बख्तियारपुर का नाम बदलकर नीतीशपुरम रखने की मांग की। बुधवार को उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सीएम सम्राट चौधरी के सामने यह प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि बिहार को सुशासन और सामाजिक बदलाव की राह देने वाले नेता नीतीश की जन्मभूमि को उनके नाम से सम्मानित करना चाहिए।

आरक्षण के मुद्दे पर भिड़ रहे चिराग और मांझी

एक तरफ, चिराग और मांझी बख्तियारपुर का नाम बदलने के मुद्दे पर एकमत नजर आ रहे हैं। दूसरी ओर, दोनों की पार्टियां एससी-एसटी आरक्षण का सब-कैटगराइजेशन करने के मुद्दे पर आमने-सामने है। पिछले दिनों संतोष मांझी ने एससी-एसटी आरक्षण में सब-कोटा लागू कर अत्यंत पिछड़ी अनुसूचित जातियों को तरजीह देने की मांग की थी। हालांकि, लोजपा-आर के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान इस पर भड़क गए थे। उन्होंने कहा कि वह एससी-एसटी आरक्षण में सब-कोटा लागू करने के सख्त खिलाफ हैं।

चिराग पासवान ने जीतनराम मांझी और संतोष मांझी को मंत्री पद छोड़ने की नसीहत भी दे दी थी। इसके बाद दोनों ही पार्टियों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई। संतोष मांझी ने पलटवार करते हुए पहले चिराग से मंत्री पद से इस्तीफा देने की बात कह दी। फिलहाल, दोनों ही पार्टियां दलित आरक्षण पर अपने-अपने स्टैंड पर कायम हैं, जिससे एनडीए के अंदर खटपट की स्थिति बनी हुई है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsआरक्षण पर लड़ रहे चिराग-मांझी इस मुद्दे पर एकमत, HAM की बात पर LJP का समर्थन