चुनाव से पहले आरजेडी-कांग्रेस का गठबंधन टूट जाएगा, असली होली नवंबर में मनेगी : चिराग पासवान
चिराग पासवान ने बुधवार को कहा कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले आरजेडी और कांग्रेस का गठबंधन टूट जाएगा। एनडीए चुनाव में भारी जीत दर्ज करेगा। असली होली नवंबर में चुनाव नतीजों के बाद मनाई जाएगी।
केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास (एलजेपी-आर) के प्रमुख चिराग पासवान ने दावा किया है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के महागठबंधन बिखर जाएगा। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस की राह अलग हो सकती है और वे अलग ही चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में एनडीए को ऐतिहासिक जीत मिलेगी। महागठबंधन की हार तय है। असली होली नवंबर में ही मनेगी।
चिराग पासवान ने राजधानी पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान बुधवार को विपक्षी दल आरजेडी के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं को ऐसा लगता है कि पूरा बिहार उनके ही परिवार का है। ऐसे लोगों को चुनाव में हकीकत से पाला पड़ेगा। बिहार की जनता ने एनडीए को भारी समर्थन के साथ सरकार बनाने का फिर से अवसर देगी।
लोजपा-रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दावा किया कि जब एनडीए बिहार चुनाव में भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी, तब बिहार में और भी भव्य तरीके से होली मनाई जाएगी। इस बार होली के रंग बिहार में नया इतिहास लिखने जा रहे हैं। यह रंगों के त्योहार की शुरुआत है। असली होली नवंबर महीने में मनेगी जब बिहार चुनाव के नतीजे आएंगे।
होली और जुमे की नमाज एक साथ होने पर बिहार में चल रही सियासी बयानबाजी पर चिराग पासवान ने कहा कि आरजेडी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कोशिश कर रही है। होली को सभी लोग साथ मिलकर मनाते हैं। हम दशकों से गंगा-जमुनी तहजीब का प्रदर्शन करते आए हैं। बता दें कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने पिछले दिनों मुसलमानों को होली पर जुमे की नमाज के लिए घर से बाहर नहीं निकलने की नसीहत दी थी। इस पर तेजस्वी यादव ने पलटवार करते हुए कहा था कि किसी के बाप का राज नहीं है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)