
पिटाई कर कपड़े उतरवाए, लड़के से अप्राकृतिक सेक्स की कोशिश; पटना में हैवानियत
वो लड़के को एसके पुरी स्थित एक अपार्टमेंट की छत पर ले गए। वहां पिटाई की और कपड़े उतारकर नग्न वीडियो बनाया। साथ ही आप्राकृतिक यौनाचार का प्रयास किया। इसके बाद आरोपितों ने डराकर छात्र की सोने की चेन, ब्लूटूथ डिवाइस और पांच हजार रुपये नकद छीन ली।
पटना के कृष्णापुरी थाना क्षेत्र में 12वीं के एक छात्र के अपहरण, मारपीट और उसके साथ अप्राकृतिक यौनाचार का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना 29 दिसंबर की दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। पीड़ित छात्र कृष्णापुरी थाना क्षेत्र के एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता है। जानकारी के अनुसार 29 दिसंबर को छात्र के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने पार्सल आने की बात कहकर उसे हॉस्टल के नीचे बुलाया।
नीचे चार युवक पहले से मौजूद थे, जिनमें उसका एक दसवीं कक्षा का सहपाठी भी शामिल था। आरोप है कि सभी बदमाशों ने छात्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर उसे धमकाया और जबरन गाड़ी में बैठा लिया और उसे एसके पुरी स्थित एक अपार्टमेंट की छत पर ले गए। वहां पिटाई की और कपड़े उतारकर नग्न वीडियो बनाया। साथ ही आप्राकृतिक यौनाचार का प्रयास किया। इसके बाद आरोपितों ने डराकर छात्र की सोने की चेन, ब्लूटूथ डिवाइस और पांच हजार रुपये नकद छीन ली।
साथ ही आरोपितों ने हर महीने पैसे भेजने की धमकी दी और इनकार करने पर वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी। छात्र किसी तरह वहां से जान बचाकर भाग निकला और कृष्णापुरी थाना पहुंचा। पुलिस ने उसे इलाज के लिए न्यू गार्डिनर अस्पताल भेजा। इलाज के बाद छात्र और उसके पिता ने थाने में लिखित आवेदन देकर पूरी घटना की जानकारी दी।
पिता के अनुसार छात्र उनका इकलौता पुत्र है। इस घटना के बाद पूरे परिवार में भय का माहौल है। पीड़ित के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि अब तक मामले में कोई ठोस पुलिस कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं इस संबंध में एसकेपुरी थानाध्यक्ष जितेंद्र राणा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है।





