अगले साल से बिहार के सभी जिलों में रोजगार मेला, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का ऐलान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐलान किया है कि अगले साल से बिहार के सभी जिलों में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले से बिहार के कई युवाओं को रोजगार मिलने में मदद मिलेगी।
बिहार में रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि अगले वर्ष से बिहार के हर जिले में रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा। युवाओं को उनके जिले में ही प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी मिलेगी। पहले राज्य और प्रमंडल स्तर पर रोजगार मेले आयोजित होते थे। मुख्यमंत्री ने पटना के ज्ञान भवन में आयोजित पांच दिवसीय मेगा जॉब फेयर 2026 के समापन समारोह में यह घोषणा की। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी दिये। 19 से 23 अगस्त तक आयोजित इस जॉब फेयर में 115 कंपनियों ने 20 हजार 226 युवाओं को रोजगार के लिए चुना। 3940 युवाओं को बिहार में तथा 476 को विदेशों में रोजगार के लिए चयनित किया गया। शेष युवाओं को दूसरे राज्यों की कंपनियों में रोजगार प्राप्त हुए। 36 दिव्यांगजनों को भी नौकरी मिली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में युवाओं को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य में पांच रुपये में पॉलिटेक्निक तथा दस रुपये में इंजीनियरिंग की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध है। लैंग्वेज क्लासेस की सुविधा भी दी जा रही है, ताकि वे विदेशों में भी रोजगार प्राप्त कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सपनों को पूरा करने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि पीपीपी मोड पर गंगा के किनारे 126 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव का निर्माण किया जा रहा है। इस पर करीब 70 हजार करोड़ की लागत आएगी। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सीएम के सचिव लोकेश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।
दो माह में एक लाख ही अपार से क्रेडिट रिकॉर्ड लिंक हुए
राज्य में उच्च शिक्षण संस्थानों में दो माह में मात्र एक लाख अपार कार्ड ही क्रेडिट रिकॉर्ड से लिंक हो सके हैं। जबकि राज्य के 22.68 लाख विद्यार्थियों का अपार कार्ड बन चुका है।लेकिन इनमें से 33 फीसदी छात्रों का क्रेडिट रिकॉर्ड अब तक अपार से लिंक नहीं हुआ है, जिससे इन विद्यार्थियों को बीच में पढ़ाई छोड़कर दोबारा शुरू करने में परेशानी हो सकती है। अब तक पढ़ाई से अर्जित क्रेडिट अपार से लिंक नहीं होने से इन विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति के तहत मल्टीपल एंट्री और एग्जिट सिस्टम के लाभ से वंचित होना पड़ सकता है।
इन विद्यार्थियों को एक संस्थान से दूसरे संस्थान में क्रेडिट ट्रांसफर करने में बड़ी मुश्किलें आएंगी। जून तक राज्य में 21.73 लाख विद्यार्थियों के अपार कार्ड बने थे। इनमें से 13.97 लाख में क्रेडिट रिकॉर्ड जून तक दर्ज किया गया था। दो माह बाद यानी अगस्त तक 22.68 लाख का अपार कार्ड बना है, लेकिन 15.24 लाख में ही क्रेडिट दर्ज हुए हैं। हालांकि एक माह में उच्च शिक्षण संस्थानों के 95 हजार छात्रों का अपार कार्ड बना दिया गया, लेकिन क्रेडिट लिंक करने की रफ्तार धीमी है।

