VIDEO: मटन-चिकेन विवाद में खूनी झड़प, शादी की महफिल बनी अखाड़ा; दूल्हा-दुल्हन पक्ष के 12 जख्मी

लाइव हिन्दुस्तान, सहरसा
Follow us on Google News
share

लड़की वालों ने खस्सी (मटन) का मीट खिलाने का वादा किया था। पहले से सब तय था। निकाह के बाद उन्हें खाने में मुर्गा परोस दिया गया। दूल्हे के रिश्तेदारों ने जब यह बात उठाई तो दुल्हन पक्ष के युवकों ने गाली गलौज शुरू कर दिया।

बिहार के सहरसा में बारात में मटन-चिकेन के विवाद में खूनी खेल खेला गया। बाराती और घराती के बीच जमकर लात-घूंसे और लाठी डंडे चले जिसमें दोनों पक्षों के 12 लोग घायल हो गए। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-12 स्थित बलुआपार से महिषी प्रखंड के राजनपुर गई बारात आई थी। बारातियों को खाने में मटन खिलाना तय किया गया था लेकिन ऐन वक्त पर चिकेन परोस दिया गया। भोजन कराने को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते-देखते हिंसक झड़प में बदल गया। एक युवक को तलवार भांजते भी देखा गया।

एक बाराती मो. इफान ने बताया कि लड़की वालों ने खस्सी (मटन) का मीट खिलाने का वादा किया था। पहले से सब तय था। निकाह के बाद उन्हें खाने में मुर्गा परोस दिया गया। दूल्हे के रिश्तेदारों ने जब यह बात उठाई तो दुल्हन पक्ष के युवकों ने गाली गलौज शुरू कर दिया। देखते ही देखते सराती और बराती आमने-सामने आ गए तथा दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। एक युवक ने तलवार निकाल लिया। इससे शादी समारोह में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। मारपीट में बराती पक्ष के चार लोग घायल हो गए। दूसरे पक्ष के मो आसिक, मो अब्बास, मो हसन और मो इरफान भी घायल हो गए। घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल सिमरीबख्तियारपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चार अन्य लोगों के भी चोटिल होने की बात बताई जा रही है।

तलवार देख भागे बराती

घायल बारातियों ने बताया कि अचानक माहौल बिगड़ने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद वे किसी तरह वहां से निकलकर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है और आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इरफान ने बताया कि सराती पक्ष की महिलाएं भी बांस चला रही थीं। भगदड़ में कई लोग गिरने से घायल हो गए। जब एक युवक ने तलवार निकाला तो देखकर लोग भागने लगे। इस दौरान बड़ी संख्या में कुर्सियां और टेबल टूट गए।

खाने का टेबल बना अखाड़ा

जानकारी के अनुसार,बलुआपार निवासी मो अनवर के पुत्र मो अब्दुल्ला उर्फ चांद की बारात राजनपुर निवासी मो जाबिर के घर गई थी। जाबिर की बेटी से चांद का निकाह संपन्न हुआ। निकाह के बाद दावत शुरू हुई। खाने में मटन के बदले चिकेन देखकर बाराती पक्ष के कुछ रिश्तेदार भड़क गए। देखते देखते खाने का टेबल अखारा बन गया। ऐसा गदर मचा कि बाराती में आए लोग बिना खाए ही भाग गए। जो पकड़े गए उनकी कुटाई हो गई। घटना के बाद वीडियो वायरल होने पर पुलिस गांव भी गई। लोगों को शांत कराया और थाने पर बुलाया गया।

(सिमरीबख्तियारपुर से महेंद्र प्रसाद की रिपोर्ट)

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।