बिहार में शराब की सूचना पुलिस को देने का अंजाम, थाने के सामने चौकीदार की चाकू गोद कर हत्या

लाइव हिन्दुस्तान, नवादा
Follow us on Google News
share

Nawada Chaukidaar Murder: बताया जा रहा है कि इस वारदात में गंभीर रूप से घायल चौकीदार की अब मौत हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, थाने के ठीक सामने एक हमलावर ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

बिहार में शराब की सूचना पुलिस को देने का अंजाम, थाने के सामने चौकीदार की चाकू गोद कर हत्या

Nawada Chaukidaar Murder: बिहार के नवादा जिले में एक चौकीदार की हत्या कर दी गई है। यहां धमौल थाना में पदस्थापित चौकीदार जितेंद्र पासवान पर रविवार की शाम जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई थी। बताया जा रहा है कि इस वारदात में गंभीर रूप से घायल चौकीदार की अब मौत हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, थाने के ठीक सामने एक हमलावर ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

जानकारी के अनुसार, हमलावर ने चौकीदार जितेंद्र पासवान के पेट में कई बार चाकू से वार किया। हमले के बाद वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े। घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरीबरावां पहुंचाया गया था। अब इस पूरे मामले में यह बात सामने आ रही है कि शराब की सूचना पुलिस को देने के कारण चौकीदार की हत्या की गई है सामने। घटना के बाद इलाके में तनाव है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।। मुख्य आरोपित समेत तीन को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर कर दिया था। उनकी हालत लगातार चिंताजनक बनी हुई थी। अब उनके निधन की खबर आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई थी। थाना के सामने हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

बालू माफियाओं ने चौकीदार पर किया हमला

इधर नवादा जिले में ही बालू माफियाओं ने दबंगई दिखाते हुए कादिरगंज थाने के एक चौकीदार पर जानलेवा हमला कर उसे बुरी तरह से जख्मी कर दिया। घटना रविवार को कादिरगंज थाना क्षेत्र के बेरमी गांव के समीप स्थित बेरमी मोड़ पर की बतायी जाती है। घटना में घायल चौकीदार रामनंदन प्रसाद को नवादा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके सिर व शरीर के अन्य जगहों पर गंभीर जख्म बताया जाता है।

चौकीदार कादिरगंज थाने में पदस्थापित है और बेरमी गांव का रहने वाला है। घटना के वक्त चौकीदार अपने घर से कादिरगंज थाना आ रहा था। इसी बीच बेरमी मोड़ पर एक दर्जन के करीब बालू माफियाओं ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। इस बीच पीछे से आ रही कादिरगंज पुलिस की एक जीप को देखकर बालू माफिया भाग निकले और पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं लोगों का कहना है कि आए दिन इस तरह की घटनाएं होती हैं। वहीं पुलिस प्रशासन काे सख्त होने की जरूरत है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।