जबरन जमीन जोतने के विरोध में पीटा, प्राथमिकी दर्ज

Dec 08, 2025 08:58 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, छपरा
share Share
Follow Us on

तरैया के चांदपुरा गांव में जमीन जोतने के विवाद को लेकर शत्रुधन प्रसाद की पिटाई की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अन्य गांवों में भी भूमि विवाद के चलते कई लोग घायल हुए हैं। अस्पतालों की स्थिति दयनीय है।

जबरन जमीन जोतने के विरोध में पीटा, प्राथमिकी दर्ज

तरैया,। थाना क्षेत्र के चांदपुरा गांव में जबरन जमीन जोतने के विरोध पर शत्रुधन प्रसाद की पिटाई कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। पीड़ित ने स्थानीय थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराते हुए सुभाष साह और अनीरा देवी को नामजद अभियुक्त बनाया है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। भूमि विवाद में मारपीट, छह लोग गंभीर घायल; एक रेफर तरैया । थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में शहनेवाजपुर की गुड़िया कुमारी को प्राथमिक उपचार के बाद रेफरल अस्पताल से छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

वहीं घायल रसीदपुर के मुन्ना कुमार राम, प्रभावती देवी तथा पोखरेड़ा के पिंकी कुमारी, बिनोद कुमार महतो और श्रीध्याना देवी का इलाज रेफरल अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बाइक से बाइक में धक्का, दो युवक गंभीर; एक रेफर तरैया। थाना क्षेत्र के माधोपुर बड़ा गांव स्थित सारण तटबंध पर तेज रफ्तार में आई बाइक ने दूसरी बाइक में धक्का मार दिया, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मियों में माधोपुर बड़ा के मंटू कुमार सिंह को रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र चक्की सुहागपुर के युवक हरिश्चंद्र सहनी का इलाज रेफरल अस्पताल में चल रहा है। पुलिस जांच में जुटी है। तरैया बीएचसीओ को मिला बीईओ का अतिरिक्त प्रभार तरैया । प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी ओमप्रकाश झा को तरैया प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वर्षों से बीईओ का पद रिक्त रहने के कारण कार्यों में बाधा आ रही थी। सरकार के निर्गत पत्र में उन्हें शीघ्र योगदान देने का निर्देश दिया गया है। तरैया में छह पैक्स दुकानों पर धान की खरीदारी शुरू तरैया, एक संवाददाता। प्रखंड के छह पैक्स दुकानों और एक व्यापार मंडल केंद्र पर अब तक किसानों से कुल 1,200 क्विंटल धान की खरीद हुई है। खरीद का विवरण इस प्रकार है-पोखरेड़ा पैक्स : 433 क्विंटल, पचभिंडा : 433, नरायणपुर : 15, पचड़ौर : 50, भगवतपुर : 10, चैनपुर : 123 क्विंटल। तरैया व्यापार मंडल केंद्र पर 110 क्विंटल धान की खरीदारी की गई है। अन्य पैक्स दुकानों में खरीद शुरू नहीं हो पाई है। डुमरी पैक्स अध्यक्ष धनबीर कुमार सिंह बिकू ने बताया कि पिछले वर्ष की राशि विभाग के पास लंबित होने के कारण खरीद में बाधा आई है। प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी ओमप्रकाश झा ने बताया कि किसानों से 2,369 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है। तरैया में अस्पतालों की स्थिति अत्यंत दयनीय, मरीज परेशान तरैया । तरैया रेफरल अस्पताल और राजकीय पशु चिकित्सालय सह अस्पताल में अव्यवस्था के कारण स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है, जिससे मरीजों का समुचित उपचार नहीं हो पा रहा है। रेफरल अस्पताल में चार चिकित्सकों सहित ड्रेसर, मिश्रक, वार्डपाल आदि कई प्रमुख पद वर्षों से रिक्त पड़े हैं। ड्रेसर के अभाव में निजी गार्ड तक मरीजों के जख्मों में टांके लगाने को मजबूर हैं। फार्मासिस्ट नहीं रहने पर दवा वितरण का काम नर्सें संभाल रही हैं। सोनोलॉजिस्ट का पद रिक्त रहने से वर्षों से अल्ट्रासाउंड सेवा बंद है। अस्पताल के दो शौचालय भी खराब पड़े हैं और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। इस स्थिति में बंध्याकृत महिलाओं को खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। स्थानीय विधायक की जांच में कई कर्मी अनुपस्थित पाए गए थे, लेकिन उसके बाद भी सुधार नहीं हो पाया है। अस्पताल प्रभारी डॉ. आलोक बिहारी शरण ने बताया कि पद रिक्त रहने से उपचार कार्य प्रभावित हो रहा है। राजकीय पशु चिकित्सालय में चिकित्सक सहित कई पद रिक्त राजकीय पशु चिकित्सालय में पिछले पांच महीनों से चिकित्सक का पद रिक्त है। इसके अलावा कई अन्य पद भी खाली पड़े हैं। बीमार पशुओं को देखने आने वाले पशुपालकों को केवल पशुधन सहायक और पशुमित्रों के भरोसे रहना पड़ता है, जो सरकार से प्राप्त दवा ही उपलब्ध करा पाते हैं। लम्पी बीमारी के दौरान भी उपचार के अभाव में दर्जनों मवेशियों की मौत हो गई, जिससे पशुपालकों को लाखों का नुकसान हुआ। पशुपालक राहुल सिंह, ललन साह, रामबाबू साह, बिगन राय, श्रीकांत सिंह और तारकेश्वर प्रसाद ने बताया कि बीमारी के समय अस्पताल में कोई डॉक्टर नहीं मिलता था, जिसके कारण अनुभवहीन लोगों से इलाज कराना पड़ा, लेकिन मवेशी फिर भी नहीं बच सके। स्थानीय विधायक की जांच के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। अखंड अष्टयाम को लेकर गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य कलशयात्रा 2 तरैया नंदनपुर में अष्टयाम को ले सोमवार को निकली कलशयात्रा तरैया, एक संवाददाता। प्रखंड के नंदनपुर बाजार स्थित शिव मंदिर परिसर में आयोजित 24 घंटे के अखंड अष्टयाम को लेकर सोमवार को गाजे-बाजे के साथ भव्य कलशयात्रा निकाली गई। यात्रा यज्ञ परिसर से आरंभ होकर विभिन्न गांवों का भ्रमण करते हुए डबरा नदी घाट पहुंची। वहां आचार्य मनपूजन त्रिवेदी और सुमन पाठक द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 501 कलशों में जलभरी की गई। इसके बाद रामनाम जाप प्रारंभ हुआ। अष्टयाम में कुल 12 कीर्तन मंडलियों ने भाग लिया। कलशयात्रा में मुखिया तारकेश्वर सिंह, पूर्व मुखिया संजीव कुमार सिंह, शिक्षक संजीव कुमार सिंह, जसवंत सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;