Chapra News: भूमि विवाद में मारपीट, तीन घायल, एक रेफर
Chapra News: भूमि विवाद के चलते तरैया थाना क्षेत्र में तीन लोग घायल हो गए हैं। गंभीर रूप से घायल कमला राय को सदर अस्पताल भेजा गया। पानापुर क्षेत्र में एक मिठाई दुकान में चोरी की घटना सामने आई है, जिसमें चोरों ने कई सामान चुराए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Chapra News: तरैया। थाना क्षेत्र के चैनपुर व गुणराजपुर गांव में शुक्रवार को भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। घायलों में चैनपुर निवासी कमला राय की हालत गंभीर होने पर रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल, छपरा रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों में संजीत राय व विदेशी राय शामिल हैं, जिनका उपचार रेफरल अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चोरी की वारदात
मिठाई दुकान का ताला तोड़ गैस सिलेंडर व बर्तन चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात पानापुर। थाना क्षेत्र के सतजोड़ा बाजार में चोरों ने एक मिठाई दुकान का ताला तोड़कर दो गैस सिलेंडर, एक बड़ा गैस चूल्हा, मिक्सर मशीन, मोबाइल चार्जर व अन्य बर्तन चोरी कर लिए। घटना की जानकारी बुधवार सुबह तब हुई, जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा। पीड़ित दुकानदार चकिया गांव निवासी वीरबहादुर कुमार रावत ने बताया कि दुकान का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखा सामान गायब था। चोरों ने पास स्थित मनोज कुमार सिंह की खाद दुकान, अजय चौरसिया की जनरल स्टोर और मनोज कुशवाहा की इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान का भी ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। बाजार के दुकानदारों के अनुसार, पूरी चोरी की वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित दुकानदार के आवेदन पर पुलिस जांच में जुटी है। थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मोहम्मद रफी की जयंती पर श्रद्धांजलि
मोहम्मद रफी की जयंती पर दी गई श्रद्धांजलि मकेर। प्रखंड के चंदिला गांव स्थित देव कुंज में शुक्रवार को सुर सम्राट मोहम्मद रफी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सेवानिवृत्त जिला जज दिनेश कुमार शर्मा ने मोहम्मद रफी का लोकप्रिय गीत "तुम मुझे यूँ भुला न पाओगे" प्रस्तुत कर उन्हें याद किया। कार्यक्रम में मेहंदी हसन, डॉ. रमिका राय, डॉ. रामानुग्रह प्रसाद सहित कई गणमान्य लोगों ने रफी साहब के व्यक्तित्व व उनके संगीत योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि मोहम्मद रफी की मधुर आवाज और सदाबहार गीत आज भी संगीत प्रेमियों के दिलों में जीवंत हैं तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
युवती को भगाने का मामला
बहला-फुसलाकर युवती को भगाया, केस दर्ज दरियापुर। डेरनी थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती को एक युवक बहला-फुसलाकर भगा ले गया। परिजनों का आरोप है कि युवती आरोपी के बहकावे में आकर 30 हजार रुपये नकद और करीब एक लाख रुपये मूल्य के गहने भी घर से लेकर चली गई। इस संबंध में युवती की मां ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री अचानक घर से गायब हो गई। खोजबीन के दौरान पता चला कि गांव का ही एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। उन्होंने पुलिस से पुत्री की बरामदगी की मांग की है।
मनरेगा के डीपीओ का सम्मान समारोह
मनरेगा डीपीओ के सेवानिवृत्ति पर सम्मान समारोह छपरा, नगर प्रतिनिधि। डीआरडीए सभागार में शुक्रवार को मनरेगा की कार्यक्रम पदाधिकारी मधुलिका यादवेंदु के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर डीडीसी लक्ष्मण तिवारी ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में मनरेगा योजनाओं का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया। उन्होंने उनके सुखद व सफल भविष्य की कामना की। सम्मान से अभिभूत मधुलिका यादवेंदु ने कहा कि डीआरडीए में उनका कार्यकाल भले ही अल्प अवधि का रहा, लेकिन इस दौरान उन्हें विभागीय कार्यप्रणाली से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातें सीखने का अवसर मिला। समारोह में निदेशक सुमिता कुमारी, मनरेगा डीपीओ कुंदन कुमार, राजेश कुमार, शिव सेवक तिवारी, विनोद यादव, अमर कुमार सिंह और जिले के सभी प्रखंडों के कार्यक्रम पदाधिकारी उपस्थित रहे।
शराब की बरामदगी
पुलिस ने 50 लीटर महुआ शराब जब्त , धंधेबाज फरार पानापुर। गुप्त सूचना के आधार पर पानापुर थाना पुलिस ने गुरुवार रात बगडीहा गांव में छापेमारी कर 50 लीटर महुआ निर्मित शराब बरामद की। हालांकि पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही शराब कारोबारी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, एएसआई नीरज सिंह पुलिस बल के साथ रात्रि गश्ती पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि बगडीहा नट टोली में अवैध रूप से महुआ शराब का कारोबार किया जा रहा है। रात करीब 11 बजे छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान एक घर के पीछे प्लास्टिक की बाल्टी में पॉलीथिन में छिपाकर रखी गई 50 लीटर महुआ शराब बरामद कर जब्त कर ली गई। एएसआई नीरज सिंह के बयान पर टिंकू नट, जवाहर नट, प्रभावती देवी और मीना देवी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।


