चाकूबाजी में दो युवक गंभीर रूप से घायल, रेफर
तरैया में पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इसके अलावा जुआ खेलने के आरोप में चार लोग गिरफ्तार किए गए। रेफरल अस्पताल की जर्जर स्थिति के कारण मरीजों में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल में चश्मों का वितरण भी किया गया।

तरैया । थाना क्षेत्र के डुमरी छपिया गांव में रविवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर हुई चाकूबाजी में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान प्रियांशु कुमार और अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। दोनों का प्राथमिक उपचार तरैया रेफरल अस्पताल में कराने के बाद बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अलग-अलग मारपीट की घटनाएं
अलग-अलग मारपीट की घटनाओं में दो घायल तरैया । थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में रविवार देर शाम हुई अलग-अलग मारपीट की घटनाओं में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में सरेया बसंत निवासी सतीश कुमार तथा टीकमपुर निवासी विकेश कुमार शामिल हैं। दोनों का उपचार तरैया रेफरल अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जुआ खेलते चार गिरफ्तार, प्राथमिकी दर्ज
तरैया । स्थानीय थाना पुलिस ने सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर भगवतपुर गांव स्थित एक बगीचे में छापेमारी कर जुआ खेलते चार लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में भगवतपुर निवासी गुड्डू पांडे और पप्पू मांझी, फरीदपुरा निवासी संजीत महतो तथा नंदनपुर निवासी सोनू कुमार साह शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 900 रुपये नकद और ताश की गड्डी बरामद की है। इस संबंध में थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
छापेमारी में 21 पाउच अंग्रेजी शराब बरामद
तरैया । स्थानीय थाना पुलिस ने रविवार रात गुप्त सूचना के आधार पर नेवारी गांव में छापेमारी कर 180 एमएल के 21 पाउच अंग्रेजी शराब बरामद किए। हालांकि शराब कारोबारी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब मुन्ना राय के घर के पीछे से मिली है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
रेफरल अस्पताल के जर्जर वार्ड की छत से गिरी परतें, मची अफरा-तफरी
7 - तरैया के रेफरल अस्पताल के वार्ड में बेड पर सोमवार को गिरी छत की परत तरैया, एक संवाददाता। तरैया रेफरल अस्पताल के जर्जर वार्ड की छत से सोमवार को अचानक प्लास्टर की परतें गिरने से मरीजों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय वार्ड में मरीज भर्ती थे और उनका इलाज चल रहा था। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। अस्पताल भवन की छत काफी जर्जर हो चुकी है और कई जगहों पर सरिया तक दिखाई देने लगा है। वहीं, दो मंजिला भवन तक जाने वाली सीढ़ियां भी जर्जर अवस्था में हैं, जिससे लोगों में हमेशा भय बना रहता है। बताया जाता है कि रेफरल अस्पताल का नया भवन लगभग तैयार हो चुका है, लेकिन निर्माण एजेंसी द्वारा अब तक उसे अस्पताल प्रशासन को सुपुर्द नहीं किया गया है। ऐसे में मरीजों को जान जोखिम में डालकर पुराने भवन में इलाज कराना पड़ रहा है।
डेवढ़ी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर मरीजों के बीच बांटे गए चश्मे
तरैया । प्रखंड के डेवढ़ी गांव स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर रेफरल अस्पताल के नेत्र चिकित्सा केंद्र की ओर से नेत्र रोगियों के बीच चश्मों का वितरण किया गया। अस्पताल प्रभारी डॉ. आलोक बिहारी शरण और वीटी नंदलाल ने बताया कि कुल 24 मरीजों के बीच चश्मा वितरित किया गया। वहीं, मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया है।
160 लीटर शराब के साथ दो गिरफ्तार, जेल भेजे गए
परसा । स्थानीय पुलिस ने थाना क्षेत्र के माड़र स्थित एक बगीचे में छापेमारी कर 160 लीटर देसी शराब के साथ दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में परसादी निवासी पप्पू कुमार सिंह और माड़र निवासी गुड्डू कुमार चौधरी शामिल हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक बाइक भी जब्त की। पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


