Chapra News: सड़क सह नाला निर्माण में अनियमितता की शिकायत, ग्रामीणों में आक्रोश
Chapra News: परसा मथुरा में ग्रामीणों ने बुडको द्वारा निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाया है। सड़क निर्माण के बाद बारिश में जलजमाव की स्थिति बन गई है। ग्रामीणों ने अधिकारियों को समस्या की सूचना दी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जांच की मांग की है।

Chapra News: फोटो- 2- परसा मथुरा में बुडको द्वारा नवनिर्मित रोड पर जलजमाव से ग्रामीण आक्रोशित परसा, एक संवाददाता। स्थानीय नगर पंचायत के परसा मथुरा में अर्जुन सिंह के घर के समीप से हरिजन बस्ती तक बुडको द्वारा हाल में कराए गए सड़क सह नाला निर्माण में अनियमितता का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। ग्रामीणों में अर्जुन सिंह, अजय शर्मा, भूलर साह, शंकर शर्मा, बहारन ठाकुर, सुरेश दास, सचिन ठाकुर, सतीश साह सहित कई ने बताया कि सड़क सह नाला निर्माण के लिए करीब दो करोड़ 42 लाख रुपये की निविदा हुई थी। आरोप है कि निर्माण एजेंसी द्वारा प्राक्कलन के निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया।
ग्रामीणों की समस्याएँ
ग्रामीणों के अनुसार, गांव-मोहल्ले के लोग जब सो रहे थे, उसी दौरान मध्य रात्रि में मनमाने ढंग से सड़क की ढलाई कर दी गई। निर्माण कार्य की गुणवत्ता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर जलजमाव होकर झील जैसी स्थिति बन जा रही है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि समस्या की जानकारी बुडको के अधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से कई बार दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
जांच की मांग
उन्होंने निर्माण कार्य की जांच कराकर दोषी एजेंसी पर कार्रवाई तथा सड़क की गुणवत्ता सुधारने की मांग की है।


