
सोनपुर मेले में दंगल प्रतियोगिता और एडवेंचर्स स्पोर्टस का आयोजन नहीं होने से मेलार्थी निराश
सोनपुर मेले में इस साल भी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए नए इवेंट आयोजित किए गए हैं। हालांकि, दंगल प्रतियोगिता और एडवेंचर्स स्पोर्टस का आयोजन नहीं होने से मेलार्थी निराश हैं। कई पहलवान भी प्रतियोगिता के लिए आए थे लेकिन धन आवंटन न होने पर लौट गए। आयोजन दोबारा शुरू करने की मांग उठ रही है।
सोनपुर। संवाद सूत्र एशिया प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी देशी- विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के अलावा मेला देखने आने वाले मेलाथियों के स्वस्थ मनोरंजन के लिए सरकारी मेला अवधि में राज्य के पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन ने कई नए इवेंट का आयोजन कर रखा है। इस एक से बढ़ कर एक आकर्षक आयोजनों को देखने के लिए दर्शकों की अच्छी- खासी भीड़ एकत्र हो रही है। पर गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी मेले में दंगल प्रतियोगिता और एडवेंचर्स स्पोर्टस का आयोजन नहीं होने से मेला में आने वाले मेलार्थी निराश हो कर लौट रहे हैं।
मेले की व्यवस्था राजस्व विभाग से पर्यटन विभाग को सौंपें जाने के बाद सारण के तत्कालीन डीएम कुंदन कुमार ने एडवेंचर्स स्पोर्टस के तहत लोअर बैलहटटा में पैरासेलिंग, क्लाइमिंग बॉल, हाट एयर बैलून, कालीघाट में वाटर सर्फिंग और वाटर कैनिंग आदि आयोजन की शुरूआत करायी थी। पर गत वर्ष भी यह आयोजन अचानक स्थगित कर दिया गया था। एडवेंचर्स स्पोर्टस के आयोजन बंद कर दिए जाने से मेलार्थियों में काफी निराशा व्याप्त है। दूसरी ओर जिला कुश्ती संघ के सचिव विकास कुमार सिंह ने बताया कि 07 नवंबर रविवार को डाक बंगला मैदान में दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए दर्जनों पुरूष और महिला पहलवान सोनपुर पहुंच चुके थे। पर इस खेल के लिए राशि का आवंटन नहीं किए जाने के कारण दंगल प्रतियोगिता का आयोजन नहीं किया जा सका। पहलवान वापस लौट गए। कई जागरूक लोगों और मेलार्थियों ने इस आयोजन को पुन: शुरू किए जाने की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




