Hindi NewsBihar NewsChapra NewsSonpur Mela Asia s Famous Fair Sees 75 Female Buyers as Event Nears End
सोनपुर मेले में ज्यादा पहुंच रहीं महिला खरीदार,बढ़ रही रौनक

सोनपुर मेले में ज्यादा पहुंच रहीं महिला खरीदार,बढ़ रही रौनक

संक्षेप:

सोनपुर मेले में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 32 दिनों का आयोजन चल रहा है, जिसमें 75 प्रतिशत से अधिक महिला खरीदार शामिल हो रही हैं। मेले का समापन 10 दिसंबर को होगा। मेला शुरू होने के बाद से दर्शकों की संख्या बढ़ती जा रही है और प्रशासन ने वाहनों की आवागमन पर रोक लगा दी है।

Dec 06, 2025 10:04 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, छपरा
share Share
Follow Us on

सोनपुर। संवाद सूत्र कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सरकारी स्तर पर 32 दिनों तक लगने वाला एशिया प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले के समापन में अब मात्र तीन दिन शेष बचे हुए हैं।मेले में ज्यादा महिला खरीदार पहुंच रहीं हैं जिनकी संख्या 75 फीसदी से अधिक है। मेले का समापन करीब आते इसकी रौनक बढ़ती जा रही है। आगामी 10 दिसंबर को मेले का सरकारी स्तर पर समापन हो जायेगा। बीते 09 नवंबर को सरकारी स्तर पर इस मेले का विधिवत उद्घाटन सारण प्रमंडल के आयुक्त राजीव रौशन और पुलिस उप निरीक्षक निलेश कुमार के कर कमलों द्वारा संपन्न हुई थी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

मेले की सरकारी अवधि जैसे- जैसे अपने मुकाम की ओर आगे बढ़ रही है वैसे- वैसे इस मेले में मेलार्थियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। रौनक अब अपने शबाब पर है। बीते 09 नवंबर को सोनपुर मेले का सरकारी स्तर पर उद्घाटन के साथ ही राज्य के विभिन्न जिलों से इस मेले में आने वाले दर्शकों और खरीदारों की लगातार भीड़ बनी हुई है। शनिवार को भी मेला घूमने और खरीदारी करने वाले लोग काफी संख्या में जुटे थे। मेला क्षेत्र में बनाए गए वाहन स्टैंड वाहनों से खचाखच भरे पड़े थे। मेला पहुंचने वाला सभी मार्ग मेलार्थियों की भीड़ से पटी हुई थी। भीड़ के मद्देनजर प्रशासन ने मेला क्षेत्र में यात्री वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दिया था। सारण, सीवान, गोपालगंज, पटना, वैशाली, मुजफ्फरपुर, नालंदा, जहानाबाद समेत राज्य के कई जिलों से बड़े वाहनों द्वारा मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना के तहत सैकड़ों छात्र- छात्राओं ने भी मेले का परिभ्रमण किया। भीड़ के कारण पुराने गंडक पुल के अलावा कई जगह बार- बार जाम की स्थिति उत्पन्न होती रही। मीना बाजार में खरीददारों में 75 प्रतिशत संख्या महिलाओं की है। नखास से चिड़ियां बाजार जाने वाले रोड में कई फलदार और फूल- पतियों की नर्सरी लगी है। इसी सड़क मार्ग में बहराइच, पटना, हाजीपुर, सीवान आदि जिले के विभिन्न हिस्सों से आए पापड़ी, खजूर आदि की दुकानें लगी हैं। पापड़ी को मियां मीठाई के नाम से भी जाना जाता है। इन दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है। मेला परिभ्रमण करने आए मेलार्थी इस मिठाई को मेले के सौगात के रूप में अपने घर खरीद कर ले जाते हैं।