आंधी-पानी में गुम हुई तपिश, जिले में भारी नुकसान
बुधवार की देर शाम अचानक मौसम बिगड़ने से बलिया मोड़ पर दो पेड़ गिर गए, जिससे वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया, जबकि बिजली आपूर्ति भी ठप रही। कई किसानों को फसलों को नुकसान हुआ है। शादी समारोहों में भी रौनक फीकी पड़ गई।

22 आंधी पानी की वजह से मांझी बलिया मोड़ पर दो पेड़ धराशायी, वाहनों का आवागमन बाधित 23 ताजपुर एकमा मुख्य सड़क पर सरयुपार के समीप गिरा विशाल पेड़ आवागमन ठप पेज तीन या पांच की लीड छपरा, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले में बुधवार की देर शाम मौसम ने अचानक रौद्र रूप दिखाया। कुछ ही मिनटों में आसमान काले बादलों से ढक गया और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। लगातार बिजली चमकने से शहर से लेकर गांव तक लोग दहशत में रहे। दिनभर की झुलसाने वाली गर्मी और उमस पलभर में गायब हो गई, लेकिन पूरे जिले में बिजली आपूर्ति ठप हो जाने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। मौसम में आई नरमी से पशुपालकों को राहत मिली है। जानकारों का कहना है कि उमस कम होने से मवेशियों पर सकारात्मक असर पड़ेगा और दूध उत्पादन बढ़ सकता है।
सड़कों पर थमी रफ्तार, बाजार में अफरातफरी
तेज आंधी के साथ धूल का गुबार उठने से शहर की सड़कों पर दृश्यता कम हो गई। भगवान बाजार, नगरपालिका चौक और थाना चौक के पास वाहन चालकों को रुकना पड़ा। बाइक सवार राहुल कुमार और साइकिल से घर लौट रहे राजेश प्रसाद ने बताया कि तेज हवा के कारण आगे बढ़ना मुश्किल हो गया था। बाजारों में दुकानदार जल्दबाजी में सामान समेटने लगे। कई राहगीर दुकानों की छत और बरामदों के नीचे खड़े होकर बारिश थमने का इंतजार करते रहे। मुख्य मार्गों पर कुछ देर के लिए यातायात की रफ्तार लगभग थम गई।
बारिश ने खोली शहर की व्यवस्था की पोल
मूसलाधार बारिश के बाद शहर की कई सड़कें पानी और कीचड़ से भर गईं। साहेबगंज, मौना चौक और स्टेशन रोड में जलजमाव की स्थिति बन गई। नालियों का पानी सड़क पर बहने लगा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। सब्जी खरीदकर लौट रही सरिता देवी ने बताया कि सड़क पर गंदा पानी भर जाने से घर पहुंचना मुश्किल हो गया। कई लोग फिसलते-फिसलते बचे। जलनिकासी व्यवस्था की कमी एक बार फिर सामने आ गई और बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी।
पूरे जिले में बिजली आपूर्ति रही ठप
तेज आंधी और बिजली कड़कने के बीच शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली आपूर्ति ठप हो गई। छपरा शहर, गड़खा, जलालपुर, मांझी, बनियापुर, अमनौर और मशरक के कई इलाकों में अंधेरा पसर गया। लोगों को मोमबत्ती और मोबाइल टॉर्च का सहारा लेना पड़ा। जलालपुर के संतोष कुमार ने बताया कि शाम होते ही घर में पूरा अंधेरा हो गया। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई। देर रात तक कई जगह बिजली बहाल नहीं हो सकी। विभागीय कर्मी फॉल्ट दूर करने में जुटे रहे।
आम-लीची और सब्जी फसलों को नुकसान
तेज हवा और बारिश से जिले के बागानों और खेतों को नुकसान पहुंचा। गड़खा के किसान रमेश सिंह ने बताया कि कई कच्चे आम टूटकर गिर गए। जलालपुर के किसान सुनील राय ने कहा कि लीची के गुच्छों को भी नुकसान हुआ है। मांझी के किसान अवधेश यादव ने बताया कि खेत में लगी भिंडी, लौकी और दलहन की फसल गिर गई। किसानों का कहना है कि इस मौसम से उत्पादन प्रभावित हो सकता है और आमदनी पर असर पड़ेगा।
कच्चे घरों में दहशत, लोग बाहर निकले
करकट और झोपड़ीनुमा घरों में रहने वाले लोग तेज हवा की आवाज और बिजली चमकने से डर गए। कई परिवार घरों से बाहर निकल आए। अमनौर की मीना देवी ने बताया कि छप्पर उड़ने के डर से बच्चे रोने लगे थे। कई जगह पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं। ग्रामीण इलाकों में लोग देर तक बाहर खड़े होकर मौसम शांत होने का इंतजार करते रहे। हालांकि किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है, लेकिन अचानक बदले मौसम ने पूरे जिले को हिला दिया।
आंधी-पानी ने बिगाड़ी शादियों की रौनक
पंडाल गिरे, बैंड-बाजा भी थमा बुधवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने जिले के कई शादी समारोहों की रौनक फीकी कर दी। कई जगहों पर लगाए गए पंडाल तेज हवा में गिर गए, जिससे अफरातफरी मच गई। घरों के दरवाजे के बाहर कीचड़ फैल जाने से बारातियों और मेहमानों को भारी परेशानी हुई। बैंड-बाजा और डीजे दल भी बारिश के कारण समय पर नहीं पहुंच सके। कई स्थानों पर बिजली गुल रहने से रोशनी की व्यवस्था भी प्रभावित रही, जिससे शादी समारोह देर रात तक बाधित रहे।
बारिश से प्रखंडों में रहा असर
आंधी-पानी से जनजीवन प्रभावित मढ़ौरा/तरैया/मांझी/जलालपुर, एसं। अचानक आए तेज आंधी-पानी का बुधवार की शाम असर जिले के कई प्रखंडों में देखने को मिला। मांझी, तरैया, मढ़ौरा और जलालपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों में पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति ठप होने और यातायात बाधित रहने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। मांझी के बलिया मोड़ के समीप पेड़ सड़क पर गिरने से आवागमन प्रभावित रहा, जबकि गोबरहीं गांव में बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए। तरैया में तेज तूफान के कारण सड़क किनारे वाहन घंटों रुके रहे और शादी और तिलक समारोहों में लगे पंडाल व टेंट उड़ गए। मढ़ौरा में तेज हवा और बारिश से आम-लीची की फसल को भारी नुकसान पहुंचा, जिससे किसान चिंतित दिखे। जलालपुर में आंधी शुरू होते ही बिजली आपूर्ति बंद हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया। हालांकि बारिश से उमस भरी गर्मी से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली.
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


