दो दशकों में बदली तस्वीर : स्वास्थ्य, बिजली, सड़क व शिक्षा में दिखी विकास की नई रफ्तार

Mar 05, 2026 09:52 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, छपरा
share

सारण जिला, जो कभी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा था, अब विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। 2005 के बाद से, नीतीश कुमार की सरकार के तहत स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, और शिक्षा में व्यापक सुधार हुए हैं। अब लोग बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और 22 से 23 घंटे की बिजली आपूर्ति का आनंद ले रहे हैं।

दो दशकों में बदली  तस्वीर : स्वास्थ्य, बिजली, सड़क व शिक्षा में दिखी विकास की नई रफ्तार

पिछड़ेपन से प्रगति की ओर बढ़ा सारण बिजली और सड़कों के विकास से आसान हुआ जनजीवन बुनियादी सुविधाओं में दिखा व्यापक सुधार पेज चार की लीड के साथ छपरा, नगर प्रतिनिधि। कभी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझने वाला सारण जिला आज विकास की नई इबारत लिख रहा है। वर्ष 2005 से पहले यह जिला राज्य के पिछड़े जिलों में गिना जाता था। स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, शिक्षा और कानून-व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाएं यहां सीमित थीं, जिससे आम लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था लेकिन समय के साथ हालात बदले और विकास की योजनाओं ने जिले की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दीं।

जब वर्ष 2005 में बिहार की सत्ता की कमान नीतीश कुमार ने संभाली, तब से शासन की प्राथमिकताओं में बुनियादी ढांचे का विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था को मजबूती देना शामिल रहा। इसका परिणाम यह हुआ कि आज सारण जिला कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए विकास के मामले में राज्य के अग्रणी जिलों में अपनी पहचान बना चुका है। कुल मिलाकर देखा जाए तो पिछले दो दशकों में सारण जिले में बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुआ है। स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, शिक्षा और सुरक्षा व्यवस्था में हुए इन सुधारों ने जिले के विकास को नई दिशा दी है और आम लोगों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव लाया है। स्वास्थ्य सेवाओं में आया व्यापक सुधार एक समय ऐसा था जब सारण जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था बेहद कमजोर मानी जाती थी। सरकारी अस्पतालों की स्थिति काफी दयनीय थी। कई अस्पतालों के पास अपना भवन तक नहीं था और जहां भवन थे भी, वे काफी जर्जर हो चुके थे। डॉक्टरों की भारी कमी थी और इलाज के लिए जरूरी उपकरण भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं थे।जिले के सदर अस्पताल की स्थिति तो और भी चिंताजनक थी। कई बार बिजली नहीं रहने के कारण डॉक्टरों को टॉर्च की रोशनी में मरीजों का इलाज करना पड़ता था। गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए पटना या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को काफी परेशानी होती थी।हालांकि बीते वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक बदलाव देखने को मिला है। सदर अस्पताल सहित जिले के कई रेफरल अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के जर्जर भवनों को ध्वस्त कर नए और आधुनिक भवनों का निर्माण कराया गया है। अस्पतालों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। इसके साथ ही आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीदारी की गई है, जिससे अब मरीजों को जिले में ही बेहतर इलाज मिल पा रहा है। अस्पतालों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बड़े जेनरेटर सेट भी लगाए गए हैं। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता भी पहले की तुलना में बेहतर हुई है। इन सुधारों के कारण अब जिले के लोगों को इलाज के लिए बाहर जाने की मजबूरी काफी हद तक कम हो गई है। बिजली व्यवस्था में आया बड़ा बदलाव सारण जिले में बिजली की स्थिति भी पहले काफी खराब थी। वर्ष 2005 से पहले दिन में मुश्किल से पांच से छह घंटे ही बिजली मिल पाती थी। बिजली कब आएगी और कब जाएगी, इसका कोई निश्चित समय नहीं होता था। गांवों में तो स्थिति और भी खराब थी, जहां कई बार लंबे समय तक बिजली नहीं आती थी। अगर किसी गांव में ट्रांसफार्मर जल जाता था, तो उसे बदलने में 10 से 15 दिन तक का समय लग जाता था। इस कारण लोगों को लंबे समय तक अंधेरे में रहना पड़ता था और खेती-बाड़ी और छोटे व्यवसायों पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ता था।अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी करीब 22 से 23 घंटे बिजली की आपूर्ति हो रही है। बिजली कटौती का समय भी निर्धारित कर दिया गया है और मेंटेनेंस के कारण बिजली काटने से पहले लोगों को बिजली कंपनी के स्तर पर सूचना दी जाती है।यदि किसी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब हो जाता है, तो अब उसे 24 घंटे के अंदर बदलने की व्यवस्था कर दी गई है। तकनीकी खराबी होने पर रात में भी तत्काल मरम्मत का काम किया जाता है। लोगों का कहना है कि बिजली व्यवस्था में हुए इस सुधार ने आम जीवन को काफी आसान बना दिया है और अब सारण बिजली के क्षेत्र में काफी सशक्त हो चुका है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।