
मेला - सैयां मिले लड़कइया…’ पर थिरके दर्शक, मनमोहक प्रस्तुति से बांधा समा
हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में साक्षी शर्मा ने अपनी नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने 'राधा को श्याम याद आ गया' गीत पर भक्ति रस से भरा नृत्य किया, जिससे दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। इसके बाद, उन्होंने लोकगीत 'सैयां मिले लड़कइया' पर धमाकेदार नृत्य किया और सभी आयु वर्ग के दर्शकों से प्रशंसा प्राप्त की।
सोनपुर मेला के मुख्य मंच पर छाई नृत्यांगना साक्षी शर्मा छपरा/ सोनपुर, हमारे प्रतिनिधि/ संवाद सूत्र। हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में रविवार का दिन संध्या सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। मेला परिसर स्थित मुख्य मंच पर दिवाकालीन सत्र के तहत आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जिले की नृत्यांगना साक्षी शर्मा ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम की शुरुआत साक्षी शर्मा ने भक्ति रस से लबरेज गीत ‘राधा को श्याम याद आ गया’ पर अपनी लयबद्ध और सौम्य नृत्य प्रस्तुति से की। मंच पर उनकी मोहक अदाओं और मनमोहक अभिव्यक्ति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गीत की हर पंक्ति के साथ साक्षी की भावभंगिमाएं दर्शकों को राधा-श्याम के दिव्य प्रेम की अनुभूति कराती रहीं।
प्रस्तुति समाप्त होते ही तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा मंच गूंज उठा। इसके बाद उन्होंने लोकगायिका मालिनी अवस्थी के लोकप्रिय लोकगीत ‘सैयां मिले लड़कइया, मैं का करूं’ पर धमाकेदार नृत्य कर वातावरण को पूरी तरह रोमांचित कर दिया। मंच पर साक्षी की चंचलता, झूमती लय और पारंपरिक लोकनृत्य की झलक ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कई दर्शक सीट से उठकर तालियों की गूंज में शामिल हो गए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी ने उनके नृत्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम का बिट्ठल नाथ सूर्य व संजय भारद्वाज ने संयुक्त रूप से किया। प्रस्तुति के बाद सारण जिला प्रशासन की ओर से नृत्यांगना साक्षी शर्मा को सोनपुर मेला का प्रतीक-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




