जलजमाव से मुक्ति के लिए शुरू हुई नाला उड़ाही

Newswrap हिन्दुस्तान, छपरा
share

बरसात से पहले नगर प्रशासन ने नाला सफाई का कार्य तेज करने का निर्णय लिया है। पिछले साल जलजमाव की समस्या के कारण नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था। हालांकि, कई स्थानों पर सफाई की गति धीमी है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। नगर निगम के पार्षदों ने भी फॉगिंग की कमी पर नाराजगी जताई है।

जलजमाव से मुक्ति के लिए शुरू हुई नाला उड़ाही

कई स्थानों पर नाला सफाई की गति धीमी :2, बरसात से पहले साहेबगंज नाला की सफाई करते निगम के कर्मी पेज पांच की लीड छपरा, एक संवाददाता।आगामी बरसात को देखते हुए नगर प्रशासन ने शहर में नाला सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है। पिछले वर्ष समय पर नालों की सफाई नहीं होने के कारण शहरवासियों को भारी जलजमाव की समस्या झेलनी पड़ी थी। कई वार्डों में सड़कों पर पानी भर गया था, जिससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रशासन पहले से सतर्क नजर आ रहा है।

नगर निगम की टीम विभिन्न इलाकों में जेसीबी और मजदूरों के माध्यम से नालों की सफाई कर रही है। हालांकि, कई स्थानों पर अब भी कार्य की गति धीमी बताई जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। वार्ड 34 निवासी व पूर्व पार्षद डॉ संतोष शर्मा ने कहा कि मौना पंचायत भवन रोड, मोहननगर , मौना अहीर टोली, नंदलाल टोला, प्रतापनगर समेत मुख्य नाला गरखा ढाला से नेहरू चौक व 44 रेलवे ढाला तक की सफाई शुरू नहीं की गई। रुपन मिस्त्री के कारखाना से लेकर हुसे छपरा प्राथमिक विद्यालय तक बरसात के दिनों में जलजमाव के कारण टापू बन जाता है।अगर समय रहते नाला की सफाई पूरी नहीं हुई, तो इस साल भी वही हाल होगा। पिछले साल हम लोगों को घर से निकलना तक मुश्किल हो गया था। वहीं वार्ड 35 की रहने वाली रेखा देवी ने बताया कि नाले की सफाईअभी शुरू तो नहीं हुई है। लेकिन शहर के अन्य जगहों पर नाला सफाई का काम काफी धीमा चल रहा है। बरसात आने में ज्यादा समय नहीं बचा है। इसलिए काम में तेजी लानी चाहिए। छात्र हैप्पी शर्मा,गौरी , गिरजा कुमारी ने बताया कि पिछले साल स्कूल जाने में काफी दिक्कत हुई थी। सड़कों पर पानी भर जाने से कई दिनों तक पढ़ाई प्रभावित हुई। इस बार अगर समय पर सफाई हो जाए तो राहत मिलेगी। स्थानीय दुकानदार श्याम कुमार, रविन्द्र। प्रसाद ने भी चिंता जताते हुए कहा कि जलजमाव होने से दुकानदारी पर सीधा असर पड़ता है। ग्राहक आना बंद कर देते हैं। प्रशासन को इस बार पूरी तैयारी के साथ काम करना चाहिए। शहरवासियों की मांग है कि नाला सफाई का कार्य जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाए ताकि बरसात के दौरान जलजमाव की समस्या से निजात मिल सके। साथ लगाएं शहर में नहीं हो रही फॉगिंग, मच्छरों के प्रकोप से लोग परेशान छपरा, एक संवाददाता।शहर में इन दिनों मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है जिससे आम लोगों की परेशानी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। नगर निगम द्वारा पिछले तीन-चार माह से फॉगिंग नहीं कराए जाने के कारण हालात और भी गंभीर हो गए हैं। खासकर जलजमाव वाले क्षेत्रों और खुले नालों के आसपास रहने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम होते ही मच्छरों का हमला शुरू हो जाता है जिससे घरों में बैठना भी मुश्किल हो गया है। वार्ड संख्या 20 के दहियांवा निवासी सुनील कुमार उर्फ राजू राय, जयप्रकाश साह ,भरत साह राधेश्याम प्रसाद, वार्ड 21 अम्मा साहेब की गली निवासी आजाद खान, जावेद अंसारी,सोयेब अहमद, महिपाल सिंह, महमूद चौक निवासी अरविंद सिंह, चंदन प्रसाद,करण सिंह ने बताया कि पिछले कई महीनों से इलाके में फॉगिंग नहीं हुई है। मच्छरों के कारण बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। रात में सोना तक मुश्किल हो गया है। इसी तरह वार्ड 18 की गृहिणी मुनि देवी , संगीता देवी ने कहा कि नाले की सफाई भी नहीं होती और फॉगिंग भी बंद है। मच्छरों की संख्या इतनी बढ़ गई है कि दिन में भी चैन नहीं मिलता। कई लोग बुखार से पीड़ित हो रहे हैं। लेकिन प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। छात्रों पर भी इसका खासा असर देखने को मिल रहा है। स्थानीय छात्र रमेश प्रसाद ,राजा ठाकुर, आश्विनी पांडे ने बताया कि पढ़ाई के समय मच्छरों की वजह से ध्यान भटकता है। परीक्षा का समय है लेकिन ठीक से तैयारी नहीं कर पा रहे हैं। रात में नींद पूरी नहीं होती, जिससे दिनभर थकान रहती है। वहीं एक अन्य छात्रा पूजा कुमारी ने कहा कि स्कूल से लौटने के बाद पढ़ाई करना मुश्किल हो जाता है। मच्छरों के कारण बार-बार उठना पड़ता है। अगर समय पर फॉगिंग हो जाए तो काफी राहत मिल सकती है। निगम के पार्षदों ने भी जताई है नाराजगी इस मुद्दे को लेकर नगर निगम के पार्षदों ने भी नाराजगी जताई है। पूर्व मेयर सह पार्षद सुनीता देवी और निगम पार्षद राजू श्रीवास्तव,आसमां खातून ,किरण देवी, कुंती देवी समेत दर्जनों पार्षदों ने नगर प्रशासन को जल्द से जल्द फॉगिंग शुरू कराने का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। पार्षदों ने यह भी आरोप लगाया कि जलजमाव और खुले नालों की समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है।जिससे मच्छरों के पनपने का खतरा और बढ़ गया है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और नियमित फॉगिंग अभियान चलाने की मांग की है। शहरवासियों को अब नगर प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है ताकि मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से राहत मिल सके।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।