
कपड़ा व्यवसायी के कर्मी को गोली मार लूटे डेढ़ लाख
दाउदपुर (मांझी) में बाइक पर सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने कपड़ा व्यवसायी के कर्मी अरशद अंसारी को गोली मारकर डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। घटना के समय वह उधार की रकम वसूल कर लौट रहा था। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
बाइक पर सवार अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम दाउदपुर (मांझी)। छपरा-सीवान मुख्य मार्ग पर शनिवार की शाम अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार हथियारबंद तीन बदमाशों ने कपड़ा व्यवसायी के कर्मी को गोली मारकर करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। गोली लगने से जख्मी कर्मी की पहचान नगर थाना क्षेत्र के छोटका तेलपा निवासी साकिर अंसारी के पुत्र अरशद अंसारी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरशद साहेबगंज पुरानी गुरहट्टी के थोक कपड़ा व्यवसायी रविशंकर गुप्ता की दुकान पर कार्यरत है। शनिवार की शाम वह चैनपुर व रसूलपुर बाजार से उधार के करीब डेढ़ लाख रुपये की रकम वसूल कर बाइक से वापस लौट रहा था।
इस दौरान दाउदपुर थाना क्षेत्र स्थित भोला ढाला के पास बाइक सवार अपराधियों ने उसका पीछा करते हुए उसे रोकने का प्रयास किया। अरशद के बाइक नहीं रोकने पर बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली उसके प्राइवेट पार्ट में लगने से वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद अपराधियों ने उसका मोबाइल फोन छीनकर पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया और बैग में रखी पूरी वसूली की रकम लूटकर एकमा की दिशा में फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया। एकमा सर्किल इंस्पेक्टर बीरेंद्र सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटी गई रकम बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




