युद्ध से छपरा का बाजार गरम, साबुन-सर्फ से हॉर्लिक्स तक महंगा

Newswrap हिन्दुस्तान, छपरा
share

अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच युद्ध का असर सारण जिले के बाजारों में दिखाई देने लगा है। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बाद कई उत्पादों के दाम बढ़ गए हैं, जिसमें साबुन, सर्फ और हेल्थ ड्रिंक शामिल हैं। घरेलू बजट पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। व्यापारियों ने आगे और महंगाई बढ़ने की आशंका जताई है।

युद्ध से छपरा का बाजार गरम, साबुन-सर्फ से हॉर्लिक्स तक महंगा

तेल की आग से जेब पर वार पेज चार की लीड फोटो छपरा, हिन्दुस्तान संवाददाता। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच युद्ध का असर अब सारण जिले के बाजारों में साफ दिखाई देने लगा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बाद कंपनियों ने रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले कई उत्पादों के दाम बढ़ा दिए हैं। साबुन, सर्फ, हॉर्लिक्स, मच्छर क्वायल और वेपराइजर जैसे सामान अब पहले से महंगे हो गए हैं। पिछले दस दिनों में कई कंपनियों ने नई रेट लिस्ट लागू की है, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। दुकानदारों का कहना है कि ट्रांसपोर्ट, पैकेजिंग और केमिकल लागत बढ़ने के कारण कंपनियां लगातार रेट बढ़ा रही हैं। वहीं ग्राहक अब छोटी-छोटी खरीदारी में भी हिसाब लगाने को मजबूर हो गए हैं।

साबुन-सर्फ के बढ़े दाम से गृहिणियों का बिगड़ा बजट

साहेबगंज बाजार के किराना दुकानदार राजेश प्रसाद ने बताया कि बीते एक सप्ताह में डिटर्जेंट और साबुन बनाने वाली कंपनियों ने नई कीमतें लागू कर दी हैं। पहले जो एक किलो डिटर्जेंट पाउडर 62 रुपये में बिक रहा था, वह अब 66 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं 500 ग्राम वाले पैकेट में दो रुपये की बढ़ोतरी हुई है। कपड़ा धोने वाले साबुन और नहाने के साबुन की कीमतों में भी दो-दो रुपये का इजाफा किया गया है। दुकानदारों का कहना है कि पहले कंपनियां स्कीम देती थीं, लेकिन अब उसमें भी कटौती कर दी गई है। इसका असर सीधे खुदरा बाजार पर पड़ रहा है।

हॉर्लिक्स और हेल्थ ड्रिंक ने भी बढ़ाया बोझ

नगर थाना रोड स्थित जनरल स्टोर संचालक अजय गुप्ता ने बताया कि बच्चों और बुजुर्गों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले हेल्थ ड्रिंक पर भी महंगाई की मार पड़ी है। 500 ग्राम हॉर्लिक्स के डिब्बे पर करीब 10 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। कुछ अन्य हेल्थ ड्रिंक कंपनियों ने भी पांच से पंद्रह रुपये तक कीमत बढ़ाई है। दुकानदारों के अनुसार कंपनियां ट्रांसपोर्ट और आयातित कच्चे माल की लागत बढ़ने का हवाला दे रही हैं। भगवान बाजार निवासी ग्राहक पूजा कुमारी ने बताया कि बच्चों के लिए हेल्थ ड्रिंक लेना अब पहले की तुलना में महंगा हो गया है। उन्होंने कहा कि हर महीने जरूरत के सामानों का खर्च लगातार बढ़ रहा है। वहीं छात्र अमन कुमार ने कहा कि छोटे-छोटे सामानों की कीमत बढ़ने से कुल घरेलू खर्च काफी बढ़ गया है और अब लोग जरूरत के हिसाब से ही खरीदारी कर रहे हैं।

मच्छर क्वायल और वेपराइजर के दाम में भी उछाल

बरसात का मौसम शुरू होने से पहले ही मच्छर भगाने वाले उत्पादों की कीमतें बढ़ गई हैं। भगवान बाजार के दुकानदार संतोष साह ने बताया कि मच्छर क्वायल के एक पैकेट पर चार रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। पहले जो पैकेट 38 रुपये में बिकता था, वह अब 42 रुपये में मिल रहा है। वहीं लिक्विड वेपराइजर रिफिल और मशीन सेट की कीमतों में भी पांच से दस रुपये तक की वृद्धि हुई है। दुकानदारों का कहना है कि गर्मी और बरसात के मौसम में इन उत्पादों की मांग बढ़ती है, ऐसे समय में कीमत बढ़ने से ग्राहकों की नाराजगी भी बढ़ रही है।

व्यापारियों ने जताई आगे और महंगाई बढ़ने की आशंका

शहर के थोक व्यवसायियों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालात जल्द सामान्य नहीं हुए तो आने वाले दिनों में और भी उत्पाद महंगे हो सकते हैं। छपरा किराना व्यवसायी संघ से जुड़े व्यापारियों के अनुसार कई कंपनियों ने पहले ही नई रेट लिस्ट भेजनी शुरू कर दी है। खाद्य तेल, पैकेज्ड फूड, कॉस्मेटिक और दैनिक उपयोग की अन्य वस्तुओं में भी जल्द बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। मोहल्ला मौना निवासी ग्राहक धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि हर सप्ताह बाजार में किसी न किसी सामान का दाम बढ़ रहा है। आम आदमी की आय नहीं बढ़ रही, लेकिन खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। व्यापारियों का मानना है कि यदि वैश्विक तनाव लंबा चला तो इसका असर गांव से लेकर शहर तक हर परिवार पर दिखाई देगा। पहले कितना था, अब कितना हुआ सामान, पहले कीमत, अब कीमत 1 किलो डिटर्जेंट पाउडर 62, 66 500 ग्राम सर्फ पैकेट 32, 34 नहाने का साबुन 38 , 40 कपड़ा धोने वाला साबुन 12, 14 500 ग्राम हॉर्लिक्स 289, 299 हेल्थ ड्रिंक पैक 435 , 450 मच्छर क्वायल पैकेट 38, 42 वेपराइजर रिफिल 78, 85 मशीन सेट 95, 105

महंगाई से संबंधित प्रश्न

क्यों उत्पादों की कीमतें बढ़ रही हैं?
कंपनियों का कहना है कि ट्रांसपोर्ट, पैकेजिंग और केमिकल लागत बढ़ने के कारण उत्पादों की कीमतें बढ़ रही हैं।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।