भू-अर्जन में तेजी लाने का निर्देश, मुआवजा भुगतान समयबद्ध करने पर जोर
छपरा, नगर प्रतिनिधि। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सड़क परियोजनाओं के भू-अर्जन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मुआवजा भुगतान को समयबद्ध करने के निर्देश दिए। जनगणना कार्य का निरीक्षण भी किया गया। अग्निकांड पीड़ितों को मुआवजा राशि दी गई। महिलाओं के अधिकारों पर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक भी हुई।

छपरा,नगर प्रतिनिधि। जिले में विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लिए चल रहे भू-अर्जन कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने प्रक्रिया में तेजी लाने और मुआवजा भुगतान समयबद्ध ढंग से पूरा करने का स्पष्ट निर्देश दिया। बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में भुगतान लंबित है, वहां आवश्यक दस्तावेज जल्द प्राप्त कर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। एनएच 139 भारतमाला परियोजना (बाकरपुर-मानिकपुर) के चार मौजों में कुछ रैयतों का भुगतान शेष है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तेजी से कार्रवाई करने को कहा। रामजानकी पथ परियोजना में शेष पंचाटियों से अभिश्रव प्राप्त कर भुगतान पूरा करने तथा एनएचएआई को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। गढ़खा बाईपास परियोजना में 168 पंचाटियों से अभिश्रव प्राप्त हो चुका है। लंबित मामलों की जांच शीघ्र पूरी कर शेष मामलों में भी भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया। परसा और अमनौर बाईपास परियोजनाओं में वंशावली एवं एलपीसी जैसी समस्याओं के त्वरित समाधान और दस्तावेज संकलन के लिए अंचल अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई।गोल्डेनगंज आरओबी सहित अन्य परियोजनाओं में लंबित भुगतान शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। रिविलगंज-विसुनपुरा बाईपास एवं मांझी-गुठनी-दरौली पथ के लिए अद्यतन खेसरा पंजी जल्द जमा करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए जिला भू-अर्जन कार्यालय में 10 लिपिकों को परियोजनावार जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही सभी कार्यकारी एजेंसियों को भू-अर्जन के साथ निर्माण कार्य भी तेज गति से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
जनगणना कार्य का निरीक्षण
ऑब्जर्वर ने जनगणना कार्य का निरीक्षण किया परसा,एक संवाददाता। स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत चल रही जनगणना कार्य का निरीक्षण केन्द्र सरकार एवं राज्य निदेशालय के निर्देश पर ऑब्जर्वर आयुषी सिंह तथा जिला नोडल अदिति आनंद ने बुधवार को किया।उन्होंने चार्ज अधिकारी सह नगर ईओ रजनीश कुमार से इस संबंध में कार्य की प्रगति की जानकारी ली।उन्होंने क्षेत्र भ्रमण कर जनगणना कार्य के दौरान प्रतिदिन चार्ज का भ्रमण कर कार्य निष्पादन की प्रगति,अभिलेख संधारण, तकनीकी प्रक्रियाओं के अनुपालन तथा फिल्ड कार्यों की गुणवत्ता का अवलोकन भी किया।
अग्निकांड के पीड़ितों को सीओ ने दी मुआवजा राशि
फोटो 27 सिताबदियारा में अग्निकांड के पीड़ितों को मुआवजा राशि का चेक सौंपते सीओ कौशल कुमार छपरा, नगर प्रतिनिधि। रिविलगंज प्रखंड के सिताब दियारा पंचायत अंतर्गत छोटका सुफल टोला में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को बुधवार को राहत मिली, जब अंचल प्रशासन ने उनकी सहायता के लिए हाथ बढ़ाया। इस दौरान अंचल अधिकारी कौशल कुमार ने आग हादसे में असमय मृत्यु के शिकार हुए विनोद माली के परिजन व को मुआवजा राशि का चेक सौंपा।मुआवजा मिलने से पीड़ित परिवार के चेहरे पर राहत और संतोष झलक उठा। अंचल अधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि आपदा की घड़ी में पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सिताब दियारा क्षेत्र के किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को संकट के समय अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और प्रशासन हर स्तर पर सहयोग के लिए तत्पर रहेगा। मृतक के परिजनों ने अंचल अधिकारी के इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस आर्थिक सहायता से उनकी स्थिति में कुछ हद तक सुधार आएगा। इसके अलावा अन्य प्रभावित परिवारों को भी निर्धारित मुआवजा राशि प्रदान की गई।इस मौके पर अंचल नाजिर, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि एवं समाजसेवी पंकज कुमार सिंह सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा जरूरी, जागरूकता शिविर आयोजित
महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में दी गई जानकारी फ़ोटो 24 जागरूकता शिविर में महिलाओं के अधिकारों की बारे में जानकारी देती पॉक्सो न्यायाधीश स्मिता राज छपरा, नगर प्रतिनिधि। छपरा व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकार में बुधवार को यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार पुनीत कुमार गर्ग के निर्देशानुसार आयोजित हुआ। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पॉक्सो न्यायाधीश स्मिता राज उपस्थित रहीं। उनके साथ राजीव कुमार (सचिव, डीएलएसए), साक्षी प्रखर (न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी), आकाश कुमार (न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी), छपरा बार के सचिव शशि भूषण तिवारी, मुख्य लिपिक पूर्णेन्दु रंजन, पैनल अधिवक्ता सुनीता कुमारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्य अतिथि स्मिता राज ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संस्था की प्रगति के लिए यह आवश्यक है कि वहां महिलाएं सुरक्षित महसूस करें। उन्होंने ‘पोष’ अधिनियम की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, बल्कि उसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। न्यायिक दंडाधिकारी साक्षी प्रखर ने महिला कर्मचारियों और अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि उन्हें कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार के उत्पीड़न का सामना करना पड़े, तो वे बिना झिझक ‘पोष’ समिति के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर शिकायत का निष्पक्ष और विधिसम्मत समाधान किया जाएगा।डीएलएसए के सचिव राजीव कुमार ने बताया कि जिन संस्थानों में 10 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं, वहां आंतरिक शिकायत समिति का गठन अनिवार्य है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है, जिससे पीड़िता बिना किसी भय के अपनी बात रख सके।
भाजपा कार्यकर्ताओं की हुई बैठक
मशरक। मशरक भाजपा प्रखंड कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओ की एक बैठक भाजपा मंडल अध्यक्ष सह 20 सूत्री अध्यक्ष दुर्गेश कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई जिसमे पटना के गाधी मैदान में आयोजित मंत्रीमंडल शपथ ग्रहण समारोह मे हजारों की संख्या में शामिल होने की अपील की गयी। बैठक मे मुख्य रूप से भाजपा जिला मंत्री बीरबल प्रसाद, मंडल उपाध्यक्ष विनय कुमार सिंह कार्यालय मंत्री शिवकुमार गुप्ता, महामंत्री अनिल पांडे आईटी सेल अध्यक्ष दीपक सोनी, मंडल मंत्री रणजीत राम, झामलाल तिवारी, अभिमन्यु सिंह, अनुसूचित जनजाति संतोष कुमार, बजरंगी दीक्षित प्रखंड प्रवक्ता धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य शामिल हुए।
जमीन रजिस्ट्री करवाने का दबाव बनाए जाने में मारपीट, प्राथमिकी दर्ज
परसा । जबरदस्ती जमीन रजिस्ट्री करवाने का दबाव बनाए जाने को लेकर थानाक्षेत्र के अंजनी मठिया में मारपीट की घटना हुई। मारपीट की इस घटना के बाद वादी के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। दर्ज प्राथमिकी में अंजनी मठिया निवासी संजय कुमार सिंह ने कहा है कि बीते 3 मई को मेरे ही गांव के करीब एक दर्जन लोग घर में आ घुसे।उनलोगों ने मेरे साथ एवं मेरी मां शांति देवी तथा पत्नी रानी कुमारी के साथ मारपीट की। जबरदस्ती जमीन रजिस्ट्री करवाने का दबाव बनाते है नहीं किए जाने पर जान से मारने की धमकी भी देने की बात प्राथमिकी में कही गई है। इस मामले में जख्मी के बयान पर गांव के ही करीब एक दर्जन लोगों को नामजद आरोपित करते हुए वादी ने सभी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


