बजरंग सपोर्टिंग क्लब, सेंगर टोला ने राजपूत स्पोर्टिंग क्लब, इनई को हराया
रिविलगंज में आयोजित डे-नाइट वॉलीबॉल टूर्नामेंट में बजरंग सपोर्टिंग क्लब ने राजपूत स्पोर्टिंग क्लब को 3-0 से हराकर चैंपियनशिप जीती। मुख्य अतिथि मुकेश कुमार यादव ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। प्रतियोगिता में छोटू सिंह को 'मैन ऑफ द सीरीज' और विशाल यादव को 'मैन ऑफ द मैच' का पुरस्कार दिया गया।

रिविलगंज डे-नाइट वॉलीबॉल टूर्नामेंट: बजरंग सपोर्टिंग क्लब बना चैंपियन देर रात तक चला रोमांच, डटे रहे दर्शक फ़ोटो 20 खिलाड़ियों को ट्रॉफी देते मुख्य अतिथि सह पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी मुकेश कुमार यादव उर्फ सोनू यादव छपरा, नगर प्रतिनिधि। रिविलगंज में आयोजित एक दिवसीय डे- नाईट वॉलीबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में बजरंग सपोर्टिंग क्लब, सेंगर टोला ने राजपूत स्पोर्टिंग क्लब, इनई को 3-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। राजकीय मध्य विद्यालय, सेंगर टोला रिविलगंज के प्रांगण में आयोजित इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला पांच सेटों में खेला गया। इससे पूर्व चार लीग मैच और दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहला सेमीफाइनल श्यामचक टीम और सेंगर टोला टीम के बीच हुआ, जिसमें सेंगर टोला ने 2-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
वहीं दूसरा सेमीफाइनल इनई टीम और मुकरेड़ा टीम के बीच खेला गया, जिसमें इनई टीम ने 2-0 से जीत हासिल कर फाइनल का टिकट कटाया। सभी लीग और सेमीफाइनल मुकाबले तीन-तीन सेटों में खेले गए।समारोह के मुख्य अतिथि सह पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी मुकेश कुमार यादव उर्फ सोनू यादव ने विजेता टीम बजरंग सपोर्टिंग क्लब, सेंगर टोला को ट्रॉफी प्रदान की, जबकि उपविजेता राजपूत स्पोर्टिंग क्लब, इनई को रनर-अप कप से सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट में सेंगर टोला टीम के खिलाड़ी छोटू सिंह को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ तथा विशाल यादव को ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय रेफरी अमित कुमार सिंह, किशोर कुणाल एवं स्टेट रेफरी आशीष कुमार और बिट्टू यादव ने निष्पक्ष निर्णायक की भूमिका निभाई। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता सरोज राय, वार्ड पार्षद किशोर सिंह पप्पू ,गुंजन कुमार अवस्थी, अजय कुमार, विकास कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार सिंह उर्फ दारा सिंह, दिनेश राय, आनंद कुमार सिंह टिंकू, सिकंदर राय, विकास कुमार यादव, दीनबंधू साहनी, मुन्ना कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। ---- जनशिकायतों के समयबद्ध निष्पादन पर जोर समन्वय बैठक में डीएम ने दिए सख्त निर्देश कार्यालयों में शत-प्रतिशत बायोमेट्रिक उपस्थिति पर बल छपरा, नगर प्रतिनिधि। प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और सरकारी निर्देशों के कड़ाई से अनुपालन पर विशेष बल दिया। जिलाधिकारी ने विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों के संबंध में ससमय तथ्य विवरणी दाखिल करने का निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिया। साथ ही सीपी ग्राम, मुख्यमंत्री ई-डैशबोर्ड, जनता दरबार एवं समाचार पत्रों के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित कर कार्रवाई प्रतिवेदन भेजने को कहा। सभी कार्यालयों में शत-प्रतिशत बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया तथा कार्यालयवार समीक्षा भी की गई। विभिन्न विभागों से प्राप्त महत्वपूर्ण निर्देशों का निर्धारित समयावधि में अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के उन लाभार्थियों का पुनः भौतिक सत्यापन कराने का निर्देश सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को दिया गया, जिन्हें सत्यापन के दौरान अनुपस्थित पाकर मृत घोषित कर पेंशन बंद कर दी गई है। डीएम ने स्पष्ट किया कि जो लाभार्थी जीवित पाए जाएं, उनकी पेंशन अविलंब पुनः चालू की जाए। सेवानिवृत्त शिक्षकों के सेवांत लाभ के लंबित मामलों को सूचीबद्ध कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया। इसके अतिरिक्त सभी अंचल कार्यालयों में सीसीटीवी अधिष्ठापन हेतु आवंटन उपलब्ध होने की जानकारी देते हुए अंचलाधिकारियों को यथाशीघ्र स्थापना सुनिश्चित करने को कहा गया।बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था), निदेशक डीआरडीए सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी भी जुड़े थें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



