गैस की कालाबाजारी की सूचना पर एसडीओ की छापेमारी, दर्जनभर खाली सिलेंडर बरामद
अमनौर बाजार में रसोई गैस की कालाबाजारी की सूचना पर एसडीओ निधि राज ने छापेमारी की। बंद कमरे से दर्जनभर खाली गैस सिलेंडर बरामद हुए, लेकिन कोई दावेदार नहीं मिला। प्रशासन ने सिलेंडरों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है। गैस वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन सतर्क है।

अमनौर। अमनौर बाजार में रसोई गैस की कथित कालाबाजारी की सूचना पर मढ़ौरा एसडीओ निधि राज ने छापेमारी की। रविवार की शाम मिली सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए की गई कार्रवाई में एक मकान के बंद कमरे से प्रशासन ने करीब दर्जनभर खाली गैस सिलेंडर बरामद किए। प्रशासन का मानना है कि एक ही कमरे में इतनी संख्या में सिलेंडरों का रखा जाना किसी गड़बड़ी की ओर संकेत करता है। हालांकि बरामद खाली सिलेंडरों को लेकर मौके पर कोई भी दावेदार सामने नहीं आया। बताया जाता है कि मकान मालिक भी वहां नहीं रहते हैं। मकान मालिक ने वह कमरा किसे किराये पर दिया था, इसका पता लगाया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से मकान मालिक को इसकी सूचना दे दी गई है, ताकि बरामद सिलेंडरों के संबंध में जानकारी मिल सके। फिलहाल बरामद सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया है और प्रशासन आगे की कार्रवाई में जुट गया है। उन्होंने बताया कि बरामद गैस सिलेंडर इंडेन कंपनी के हैं और मामले की जांच की जा रही है। यदि इन सिलेंडरों का कोई दावेदार सामने नहीं आता है तो मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।उधर एचपी गैस एजेंसी में वितरण संतोषजनक पाया गया। छापेमारी के दौरान डीएसपी नरेश पासवान, एमओ राणा रंधीर वर्धन और थानाध्यक्ष हेमंत कुमार सहित दर्जनों पुलिस बल के जवान मौजूद थे। एसडीओ निधि राज ने बताया कि आम उपभोक्ताओं को रसोई गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। गैस वितरण में पारदर्शिता को लेकर प्रशासन ने जारी किया नंबर छपरा, नगर प्रतिनिधि। जिले में रसोई गैस के वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस एजेंसियों की गतिविधियों की निगरानी के लिए 21 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। रसोई गैस से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या, शिकायत या सूचना देने के लिए उपभोक्ता दूरभाष संख्या 06152-245023 पर संपर्क कर सकते हैं। यह नियंत्रण कक्ष प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक कार्यरत रहेगा, जहां प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने गैस एजेंसियों पर वितरण के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी व्यापक व्यवस्था की है। जिले के विभिन्न गैस एजेंसियों पर गैस वितरण के समय किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए कुल 67 दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। ये अधिकारी वितरण केंद्रों पर मौजूद रहकर व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसका भी ध्यान रख रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


