तकनीकी खामी से तीन घंटे बाधित रही बिजली, मुकुंदपुर फीडर की आपूर्ति बहाल
गुरुवार को रीठ नहर के समीप 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन और 11 केवी फीडर लाइन के अत्यधिक करीब आने के कारण एकमा में बिजली आपूर्ति तीन घंटे के लिए बंद कर दी गई। तकनीकी टीम ने जल्दी से समस्या का समाधान किया और अपराह्न तीन बजे बिजली बहाल कर दी। उपभोक्ताओं का धन्यवाद करते हुए जेई संतोष कुमार ने सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।

एकमा। मुकुंदपुर फीडर के अंतर्गत रीठ नहर के समीप 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन और 11 केवी फीडर लाइन के अत्यधिक करीब आने से संभावित खतरे को देखते हुए गुरुवार को एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इस तकनीकी समस्या के कारण क्षेत्र में करीब तीन घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम कनीय अभियंता संतोष कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। विभागीय जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों की सूचना पर दोनों लाइनों के बीच कम दूरी होने की जानकारी मिली, जिसके बाद लगभग 12:20 बजे मुकुंदपुर फीडर को बंद कर दिया गया।
साथ ही रघुनाथपुर (सीवान) की आपूर्ति को वैकल्पिक व्यवस्था से संचालित किया गया। तकनीकी टीम ने तेजी से कार्य करते हुए खराबी को दूर किया और लगभग तीन घंटे बाद अपराह्न तीन बजे के बाद 11 हजार वोल्ट आपूर्ति वाले मुकुंदपुर फीडर की बिजली बहाल कर दी गई। जेई संतोष कुमार ने उपभोक्ताओं से सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी समस्या से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। (एकमा से संजय कुमार पाण्डेय)
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


