अंजलि को आत्महत्या के लिए उकसाने का मिला संकेत : सीनियर रेल एसपी

Jan 02, 2026 08:59 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, छपरा
share Share
Follow Us on

छपरा जंक्शन के पास नर्स अंजलि का शव मिलने के मामले में पुलिस जांच कर रही है। जांच में आत्महत्या के लिए उकसाने के संकेत मिले हैं और यौन उत्पीड़न का मामला भी सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में अस्पताल के मैनेजर द्वारा अंजलि को धकेलते हुए दिखाया गया है। पुलिस ने 50 से अधिक फुटेज की जांच की है।

अंजलि को आत्महत्या के लिए उकसाने का मिला संकेत  : सीनियर रेल एसपी

यौन उत्पीड़न का मामला भी सामने आ रहा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुटी छपरा ,हमारे संवाददाता। छपरा जंक्शन के बुढ़िया माई मंदिर के समीप रेलवे ट्रैक पर नर्स अंजलि का शव मिलने के मामले में सीनियर रेल एसपी मुजफ्फरपुर वीणा कुमारी ने शुक्रवार की संध्या प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि अब तक की जांच में अंजलि को आत्महत्या के लिए उकसाने के संकेत मिले हैं। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि मेडिकल टीम के द्वारा जो पोस्टमार्टम किया गया उसकी रिपोर्ट के आधार पर यौन उत्पीड़न का मामला भी सामने आया है । वैसे फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट को सुरक्षित रखा गया है।

उस आधार पर अंतिम टिप्पणी की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि रेल पुलिस इस पूरे मामले को काफी गंभीरता से जांच कर रही है और हत्या के भी सभी पहलुओं पर अनुसंधान जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच, तकनीकी साक्ष्य का विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज का गहन अध्ययन टीम गहराई से कर रही है। रात्रि 10:30 बजे सीसीटीवी का जो वीडियो फुटेज सामने आया है उसमें स्पष्ट दिख रहा है कि अस्पताल के मैनेजर अंजलि को रूम के अंदर धकेल रहे हैं और किसी बात को लेकर विवाद है। उसके बाद से अंजलि पीछे की खिड़की के रास्ते निकल गई है। उन्होंने बताया कि छपरा जंक्शन के टीआरडी सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट दिख रहा है कि वह अकेले रेल ट्रैक की तरफ जा रही है। वैसे अब तक पुलिस आसपास के 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज को खंगाल चुकी है। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि इसमें जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी और स्पीडी ट्रायल के माध्यम से जल्द से जल्द सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने आम जनों से भी अपील की है कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि किसी व्यक्ति के पास घटना से संबंधित कोई उपयोगी जानकारी हो तो वह रेल थाना छपरा से संपर्क कर सकते हैं। कानून व विधि के अनुरूप दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई की दिशा में भी काम चल रहा है। मालूम हो कि सोनपुर रेल डीएसपी शहकार खान पिछले 5 दिनों से इस कांड को लेकर छपरा में कैंप किए हुए हैं। उधर अंजलि का मोबाइल पुलिस को मिला हैl रेल एसपी वीणा कुमारी ने बताया कि सोनपुर रेल डीएसपी शहकार खान टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। टीम में रेल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर शाहिद अंसारी, रेल अंचल छपरा के इंस्पेक्टर बीपी आलोक , फॉरेंसिक टीम वैज्ञानिक रत्न आभा , रेलवे सुरक्षा बल छपरा पोस्ट इंचार्ज विनोद कुमार यादव व हाजीपुर रेल थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार व अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।