Chapra News: एस्बेस्टस तोड़ किराना दुकान में चोरी मामले में दो किशोर गिरफ्तार
Chapra News: बनियापुर के सहाजितपुर थाना पुलिस ने कटसा बाजार के एक किराना दुकान में चोरी करने के मामले में दो किशोरों को गिरफ्तार किया। उन्होंने एस्बेस्टस शीट तोड़कर करीब 45 हजार रुपये चुराए। दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर किशोरों को पकड़ा, जिन्होंने अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

Chapra News: बनियापुर, एक प्रतिनिधि । सहाजितपुर थाना पुलिस ने कटसा बाजार स्थित किराना दुकान में एस्बेस्टस तोड़कर चोरी करने के मामले में शनिवार की रात दो किशोरों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों किशोरों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात चोरों ने थाना क्षेत्र के कटसा बाजार स्थित एक किराना दुकान की एस्बेस्टस शीट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दुकान के गल्ले में रखे करीब 45 हजार रुपये चोरी कर लिए। शनिवार की सुबह जब दुकानदार राजकुमार साह दुकान खोलने पहुंचा तो गल्ले से रुपये गायब देख उसके होश उड़ गए।
इसके बाद उसने सहाजितपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए चोरों की गिरफ्तारी की मांग की। मामले की जांच के दौरान बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दो किशोर देर रात दुकान के आसपास संदिग्ध अवस्था में घूमते दिखाई दिए। इसके आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों किशोरों ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई राशि में से 7 हजार रुपये बरामद किए गए।


