Hindi NewsBihar NewsChapra NewsOpen Gyms in Bihar Success Stories and Challenges in Rural Health Initiatives
ओपन जिम की दो तस्वीरें: कहीं फिटनेस का केंद्र तो कहीं मवेशी का खटाल

ओपन जिम की दो तस्वीरें: कहीं फिटनेस का केंद्र तो कहीं मवेशी का खटाल

संक्षेप:

छपरा के ओपन जिम ग्रामीणों को स्वस्थ रखने का प्रयास कर रहे हैं। कुछ स्थानों पर ये जिम नियमित व्यायाम के लिए उपयोगी साबित हो रहे हैं, जबकि अन्य जगहों पर देखरेख की कमी के कारण जर्जर स्थिति में हैं। पंचायतों में सफाई और मरम्मत की अच्छी व्यवस्था से ओपन जिम ग्रामीण स्वास्थ्य में सुधार कर सकते हैं।

Jan 20, 2026 09:56 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, छपरा
share Share
Follow Us on

छपरा। ग्रामीणों को स्वस्थ रखने के उद्देश्य से पंद्रहवीं वित्त आयोग की राशि से प्रत्येक पंचायत में करीब पांच लाख रुपये की लागत से बनाए गए ओपन जिम सारण जिले में अलग-अलग हालात बयां कर रहे हैं। बनियापुर, मांझी, एकमा, मढ़ौरा, तरैया व अन्य प्रखंडों में की गई पड़ताल में कहीं ये जिम लोगों के लिए रोजाना व्यायाम का मजबूत आधार बन रहे हैं तो कहीं देखरेख के अभाव में बदहाली का शिकार हैं। जैतपुर पंचायत के बेलदारी गांव स्थित घोड़ाई देवी मंदिर परिसर में बना ओपन जिम इसकी सकारात्मक मिसाल है। यहां सुबह-शाम युवा, बुजुर्ग और महिलाएं नियमित रूप से व्यायाम करते नजर आते हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इसी तरह मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्थापित जिम का भी लोग निरंतर उपयोग कर रहे हैं। इन स्थानों पर उपकरण सुरक्षित हैं, परिसर साफ है और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ने से ग्रामीणों में उत्साह देखा जा रहा है। दूसरी ओर कुछ जगहों पर स्थिति उतनी संतोषजनक नहीं है। जैतपुर दाउदपुर स्थित नंदलाल सिंह महाविद्यालय परिसर में बना ओपन जिम जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। कई उपकरण खराब हो चुके हैं और फर्श टूट-फूट का शिकार है। बनियापुर समेत कुछ पंचायतों में जिम परिसर में मवेशियों का घूमना और कचरे का जमावड़ा भी देखने को मिला, जिससे सुबह टहलने आने वाले लोगों को दुर्गंध और गंदगी से परेशानी होती है। ग्रामीणों का मानना है कि जहां पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की सहभागिता रही, वहां ओपन जिम उपयोगी साबित हो रहे हैं। वहीं जहां नियमित सफाई, मरम्मत और निगरानी की व्यवस्था नहीं है, वहां यह महत्वाकांक्षी योजना अपनी उपयोगिता खोती जा रही है। यदि सभी पंचायतों में देखरेख की समान व्यवस्था हो और खराब उपकरणों की समय पर मरम्मत कराई जाए, तो ओपन जिम ग्रामीण क्षेत्रों में स्वस्थ समाज की मजबूत नींव बन सकते हैं।