गड़खा में अलग-अलग गावों में आग लगने से कई एकड़ गेहूं की फसल राख

Apr 05, 2026 09:47 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, छपरा
share

गड़खा थाना क्षेत्र के रामपुर बथानी टोला और पिरौना चंवर में रविवार को आग लगने से कई बीघा गेहूं की फसल जल गई। आग की लपटें तेजी से बढ़ने लगीं, जिससे आसपास के गांवों के लोग बचाने में जुट गए। एक अन्य घटना में, बनपुरलतीफ गांव में एक घर भी जलकर राख हो गया, लेकिन जनहानि नहीं हुई।

गड़खा में अलग-अलग गावों में आग लगने से कई एकड़ गेहूं की फसल राख

12 - गड़खा थाना क्षेत्र के रामपुर बथानी टोला चंवर में रविवार को आग लगने के बाद खेत में जुटी लोगों की भीड़ गड़खा, एक संवाददाता। रामपुर बथानी टोला और पिरौना चंवर में रविवार को आग लग जाने से कई बीघा में लगी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। किसान और मजदूर खेतों में लगी गेहूं की फसल को काटने और बांधने में व्यस्त थे तभी उन्हें फसल लगी खेतों से धुआं उठते दिखा। वे कुछ समझ पाते तब तक तेज पछुआ हवा के कारण ने विकराल रूप ले लिया। देखते-देखते गेहूं की पकी फसल में लगी आग ने इतना भयंकर रूप धारण कर लिया कि आसपास के कई खेत आग की चपेट में आ गए।

आग की लपटें लगातर तेजी से बढ़ने लगी। इस चंवर में कई गांवों के लोगों के खेत हैं। बधार में खेतों में लगी गेहूं की फसल पूरी तरह पककर तैयार है। आग की तेज लपटों को देखकर आसपास के कई गांवों के लोग खेतों की तरफ भागे। आग की लपटें तेजी से आगे बढ़ती जा रही थी। जिन किसानों की फसल आग से कुछ दूर थी वो भी अपनी फसल की सुरक्षा को लेकर चिंतित दिखे। उनका कहना था कि अगर शीघ्र आग पर काबू नहीं पाया जाता तो चंवर में लगी कई गांवों की पूरी फसल जलकर राख हो जाती। इस अग्निकांड में कई बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। रामपुर बथानी टोला में किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों के काफी प्रयास के बाद फायर बिग्रेड की कई गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका जबकि पिरौना में लोगों ने ख़ुद से आग पर काबू पाया। आग से पलानीनुमा घर जल कर स्वाहा लहलादपुर, एक संवाददाता। जनता बाजार थाना क्षेत्र के बनपुरलतीफ गांव के कानू टोला में रविवार की दोपहर अचानक आग लगने से बीश्वर साह का पलानीनुमा घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते घर में रखा सारा सामान इसकी चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। बाल्टी, पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका गया, जिससे आसपास के अन्य घर सुरक्षित बच गए। इस अगलगी की घटना में घर में रखे बिछावन, कपड़े, अनाज, बर्तन सहित दैनिक उपयोग की सभी जरूरी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। पीड़ित परिवार के सामने अब रहने और खाने-पीने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। बताया जाता है कि आग लगने के समय घर के लोग बाहर थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग बुझाने में सहयोग किया। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि चूल्हे की चिंगारी या शॉर्ट सर्किट से यह हादसा हुआ होगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।