
मढ़ौरा में चेन स्नेचिंग गैंग के सात अपराधी गिरफ्तार
मढ़ौरा पुलिस ने चेन स्नेचिंग गिरोह के सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये अपराधी मढ़ौरा और आसपास के क्षेत्रों में चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से कट्टा,...
मढ़ौरा। एक संवाददाता मढ़ौरा पुलिस ने चेन स्नेचिंग गिरोह के सात अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। इस गिरोह ने मढ़ौरा और आसपास के थाना क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार चेन स्नेचिंग की घटना को अंजाम देकर पुलिस के नाक में दम कर रखा था। इन गिरफ्तार अपराधियों के पास से कट्टा,कारतूस,चाकू, स्मैक व बाइक सहित लूटी गई सोने की चेन भी बरामद की गई है। चेन स्नेचर शातिर अपराधी मुजफ्फरपुर के बखरा निवासी सागर कुमार , दिघी कला वैशाली निवासी संतोष तिवारी, कतराहा वैशाली निवासी आसिफ कुमार, रसूलपुर लालगंज वैशाली निवासी अंकित कुमार, सोगराहा बेगूसराय निवासी ऋतिक तिवारी, परसा बाजार पटना निवासी छोटू मिश्रा और रहीका मधुबनी निवासी विकास कुमार को गिरफ्तार किया गया।
जांच के दौरान उनके पास से 2 देसी कट्टा, 4 जिंदा कारतूस, 2 बाइक, 5 चाकू, 6.65 ग्राम स्मैक और मढ़ौरा अम्वेदकर पार्क के पास एक महिला से लूटी गयी सोने की चेन को भी बरामद किया गया है। मढ़ौरा डीएसपी कार्यालय में रविवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात की जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी संजय कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मढ़ौरा और आसपास के थाना क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की घटना काफी बढ़ गई थी। इसके उद्वेदन के लिए मढ़ौरा डीएसपी नरेश पासवान के नेतृत्व में एक एसआईटी टीम का गठन किया गया था। इधर शनिवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मढ़ौरा के मुबारकपुर आम बगीचे में कुछ अपराधी बैठकर किसी बड़े अपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के आलोक में उक्त टीम तत्काल प्रभाव से वहां पहुंचकर छापेमारी की। मढ़ौरा डीएसपी नरेश पासवान के नेतृत्व में गठित इस छापेमारी टीम में मढ़ौरा के थानाध्यक्ष अजय कुमार, डीआईओ के प्रभारी धनंजय कुमार राय, संजीत कुमार, विकास कुमार, सुमन कुमार, जितेंद्र कुमार, पप्पू कुमार और अंकित कुमार सहित सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे। मढ़ौरा के मुबारकपुर से गिरफ्तार किए गए चेन स्नेचिंग गिरोह के इन अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी है । इन लोगों के द्वारा मढ़ौरा सहित सारण जिले के अन्य थाना क्षेत्र के अलावा जमुई, नालंदा, झाझा ,बनियापुर, ब्रह्मपुरा, डुमरा ,सीतामढ़ी, नवगछिया आदि थाना क्षेत्र में भी कई गंभीर आपराधिक मामलों को अंजाम दिया गया है। इस मामले में इनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




