Chapra News: आधारभूत संरचना परियोजनाओं की डीएम ने की समीक्षा
Chapra News: सारण जिले में भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को तेज करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने रैयतों से वाउचर प्राप्त कर मुआवजा भुगतान करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों में बाधा न आए।

Chapra News: भूमि अधिग्रहण तेज करने के निर्देश अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कदम उठाने पर बल छपरा, नगर प्रतिनिधि। सारण जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण , बुडको, सड़क निर्माण विभाग, भवन निर्माण विभाग व बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा संचालित विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा शुक्रवार को जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में की गई।
भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया की समीक्षा
बैठक में सड़क, पुल व भवन निर्माण से जुड़ी योजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्यों की प्रगति, भूमि अधिग्रहण, मुआवजा भुगतान और परियोजनाओं के समक्ष आ रही प्रशासनिक व तकनीकी बाधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने सबसे पहले विभिन्न परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अभिश्रव संग्रहण व भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और अधिक से अधिक रैयतों से वाउचर प्राप्त कर भुगतान की कार्रवाई समय पर पूरी की जाए, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
जन जागरूकता अभियान
डीएम ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास मित्र, आवास सहायक व अन्य पंचायत स्तरीय कर्मियों के माध्यम से घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाए। इसके अलावा माइकिंग, विशेष शिविर और व्यापक जनजागरूकता अभियान आयोजित कर रैयतों को वाउचर जमा करने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी हो सके। बैठक में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की योजनाओं की समीक्षा के दौरान शहर में निर्माणाधीन डबल डेकर परियोजना की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने बाजार समिति परिसर में लगातार वर्षा के कारण उत्पन्न कीचड़ और आवागमन में हो रही कठिनाइयों पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के साथ-साथ आम लोगों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाए।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता
भवन निर्माण विभाग की योजनाओं की समीक्षा के क्रम में निर्माणाधीन सहकार भवन सहित अन्य सभी परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य तय मानकों के अनुरूप हों, ताकि जनता को शीघ्र बेहतर आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।


