मां की गोद में फिर से लौटा ढाई माह का लाडला
मढौरा से चोरी हुआ ढाई माह का बच्चा मधेपुरा से सुरक्षित बरामद किया गया। मां की गोद में लौटते ही खुशी के आंसू बहने लगे। पुलिस ने मामले में छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। बच्चे को चोरी कर 5.5 लाख रुपये में बेचा गया था। इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में खुशी का माहौल है।

मढ़ौरा से चोरी हुआ बच्चा मधेपुरा से सकुशल बरामद फोटो - 14 मढ़ौरा डीएसपी कार्यालय में शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस करते ग्रामीण एसपी संजय कुमार,डीएसपी नरेश पासवान, थानाध्यक्ष अजय कुमार व अन्य साथ मे बरामद बच्चा मढ़ौरा, एक संवाददाता। मढ़ौरा की हसनपुरा नट बस्ती में शनिवार का दिन खुशियों और आंसुओं का संगम लेकर आया, जब ढाई माह पहले चोरी हुआ दूधमुंहा बच्चा आखिरकार सकुशल अपनी मां की गोद में लौट आया। बेटे को सीने से लगाते ही मां किरण देवी की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े, वहीं पूरे मोहल्ले में मिठाइयां बांटकर लोग अपनी खुशी का इजहार करते नजर आए।
गत 12 नवंबर 2025 की रात हसनपुर निवासी चंदन नट और किरण देवी का ढाई माह का बच्चा सोयी अवस्था में चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया था। इस हृदयविदारक घटना के बाद मां किरण देवी ने मढ़ौरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मढ़ौरा डीएसपी नरेश पासवान के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस की तकनीकी जांच और मानवीय सूचनाओं के आधार पर यह सनसनीखेज खुलासा हुआ कि इस बच्चे की चोरी कर चोर गिरोह ने मधेपुरा जिले के भर्राही थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरेल गांव निवासी पप्पू साह से करीब 5 लाख 50 हजार रुपये में बेच दिया था। संतान न होने के कारण पप्पू साह ने बच्चे को खरीद लिया था। शनिवार को मढ़ौरा डीएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण एसपी संजय कुमार ने बताया कि इस मामले में अब तक कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में अमनौर के झखड़ी निवासी प्रिंस कुमार, मढ़ौरा के हसनपुर निवासी गोविंद राम व विकास कुमार, समस्तीपुर के बाघरा निवासी अंतू राय व मधेपुरा के पप्पू साह का नाम शामिल हैं। बच्चे की बरामदगी पप्पू साह के घर से की गई। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान बच्चा चोरी में प्रयुक्त बोलेरो गाड़ी और 30 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं। ग्रामीण एसपी ने इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। इस टीम में डीएसपी नरेश पासवान, थानाध्यक्ष अजय कुमार, अपर थानाध्यक्ष रितेश मंडल,जितेंद्र कुमार, अमरेंद्र कुमार सिंह,अनिल सिंह,अनिल राम,अनिता सिन्हा सहित कई पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे। इधर, बच्चे के सुरक्षित लौटने की खबर मिलते ही नट बस्ती में खुशी की लहर दौड़ गई। मां-बाप के साथ बस्ती के लोग मढ़ौरा थाना परिसर पहुंचे, एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और भगवान व पुलिस प्रशासन का आभार जताया। मां किरण देवी अपने बेटे को बार-बार कलेजे से लगाकर रोती रहीं - मानो खोई हुई पूरी दुनिया उन्हें वापस मिल गई हो। परसा के पोखरपुर में करंट लगने से महिला की मौत परसा,एक संवाददाता।करंट लगने से एक 36 वर्षीय महिला की मौत शनिवार की सुबह हो गई।मृतका पोखरपुर निवासी हरेंद्र सिंह की पत्नी मिंकी देवी थी।मृतका के भाई बजहिया निवासी ने बताया कि आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी दी तभी कुछ मित्रों के साथ पोखरपुर गांव पहुंचा और बहन की शव को देखा तो आश्चर्य चकित रह गया।इधर घटना के सूचना मिलने के साथ ही थानाध्यक्ष सोमप्रकाश पुलिस बल के साथ पहुंचे और मृतका के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों ने सूचना दी कि वह घर से बाहर शौच के लिए गई थी तभी फसलों की सुरक्षा के लिए लगाए गए करंट की चपेट में आने से वह झुलस गई।सूचना मिलने पर परिजन उपचार के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य लेकर गए जहां इलाज के पूर्व ही महिला ने दम तोड़ दिया।थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि महिला की मौत फसलों की सुरक्षा के लिए खेतों किनारे लगाए गए करंट की चपेट में आने से हुई है फिलहाल इस संबंध में पुलिस जांच पड़ताल कर कार्रवाई कर रही है। l मढ़ौरा के ताल पुरैना चंवर से मिला अज्ञात युवक का शव शव मिलने के बाद इलाके में फैली सनसनी फोटो- 18 मढ़ौरा के ताल पुरैना चंवर में शनिवार को बरामद शव को देखने जुटे ग्रामीण मढ़ौरा,एक संवाददाता। मढ़ौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ताल पुरैना चंवर से शनिवार को 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पानी के अंदर पड़ा हुआ था, जिसे सुबह टहलने गए ग्रामीणों ने देखा और तत्काल इसकी सूचना मढ़ौरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मढ़ौरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को चंवर के पानी से बाहर निकाला। इसके बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों से युवक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन देर तक प्रयास के बावजूद शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। इधर, शव मिलने की खबर फैलते ही ताल पुरैना चंवर के आसपास ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। लोग आपस में तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए और घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही थीं। मढ़ौरा अनुमंडलीय अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था की खुली पोल औचक निरीक्षण में डॉक्टर-गार्ड नदारद, एसडीओ ने दिए सख़्त निर्देश मढ़ौरा। एक संवाददाता सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानने शनिवार को मढ़ौरा की अनुमंडल पदाधिकारी निधि राज और डीएसपी नरेश पासवान ने स्थानीय अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की बदहाल व्यवस्था सामने आ गई, जहां कई डॉक्टर और सुरक्षा गार्ड ड्यूटी से गायब पाए गए, जबकि मौजूद गार्ड भी बिना वर्दी के नजर आए। अस्पताल परिसर में गंदगी और साफ-सफाई की गंभीर कुव्यवस्था देख एसडीओ निधि राज भड़क उठीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अस्पताल प्रबंधक को कड़ी फटकार लगाते हुए अविलंब व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया। एसडीओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की भी पोल खुली। कई गार्ड ड्यूटी से नदारद मिले, जबकि जो तैनात थे वे भी निर्धारित वर्दी में नहीं थे। इस पर एसडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए दोषी डॉक्टरों, गार्डों और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ जिला पदाधिकारी और सिविल सर्जन को रिपोर्ट भेजने की बात कही। स्वास्थ्य सेवाओं को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए एसडीओ ने अस्पताल में टोकन सिस्टम तत्काल लागू करने, मरीजों को एक-एक कर बुलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने और सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे न केवल समय पर डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, बल्कि मरीजों को भी अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी। इसके अलावा एसडीओ ने अस्पताल में इंजरी रिपोर्ट समय पर तैयार करने, संबंधित थाना को उपलब्ध कराने सहित अन्य लंबित शिकायतों की भी जांच की और स्वास्थ्य प्रबंधक और अस्पताल प्रबंधक को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसुआपुर में चोरों ने होटल से मिठाई चुराई इसुआपुर, एक संवाददाता। इसुआपुर थाना से महज 100 गज की दूरी पर स्थित प्रमोद कुमार साह के होटल से शुक्रवार की रात चोरों ने छेना के बने लगभग 7 किलो मिठाई की चोरी कर ली है । वहीं दुकान के गल्ले में रखे 32 हजार रुपए भी निकाल लिए हैं। इस संबंध में मिठाई दुकानदार ने इसुआपुर थाने एक आवेदन दिया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


