Hindi NewsBihar NewsChapra NewsJoy in Chhapra as Shreyasi Singh Becomes Minister from Isuapur Block
गांव की भांजी बनी मंत्री तो ननिहाल में छायी खुशी

गांव की भांजी बनी मंत्री तो ननिहाल में छायी खुशी

संक्षेप:

छपरा जिले के इसुआपुर प्रखंड के शामकौड़िया गांव में श्रेयसी सिंह के मंत्री बनने से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है। श्रेयसी का ननिहाल इस गांव में है और उनके परिवार के लोग इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं। गांव के लोग उम्मीद कर रहे हैं कि उन्हें खेल मंत्रालय मिलेगा जिससे खिलाड़ियों को लाभ होगा।

Nov 20, 2025 10:01 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, छपरा
share Share
Follow Us on

इसुआपुर प्रखंड के शामकौड़िया गांव में है ननिहाल छपरा, हमारे प्रतिनिधि। राज्य मंत्रिमंडल में गुरुवार को छपरा जिले के किसी निर्वाचित प्रतिनिधि को तो जगह नहीं मिली लेकिन श्रेयसी सिंह के मंत्री बनने से जिले के लोगों को खुशी जरूर हुई है। सारण जिले के इसुआपुर प्रखंड के शाम कौडिया गांव में श्रेयसी सिंह का ननिहाल है। उनकी माता पुतुल सिंह इसी गांव की हैं जो बांका से सांसद रहीं। अब गांव की भांजी के मंत्रिमंडल में शामिल होने पर स्थानीय लोगों के साथ-साथ जिले के लोगों ने भी खुशी जताई है। हांलाकि श्रेयसी के मामा के परिवार का कोई सदस्य गांव पर नहीं रहता।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

उनके मामा पूर्व आईएएस उमाशंकर सिंह हैं जो बाहर रहते हैं। गांव में रहने वाले चचेरे मामा नंदन सिंह ने बताया कि इस उपलब्धि पर हमें बेहद खुशी है। श्रेयसी पिछले सात साल पहले ननिहाल में मां के साथ आई थीं तो पूरे गांव का भ्रमण किया था। मालूम हो कि श्रेयसी के नानाजी जंगबहादुर सिंह गांव के प्रतिष्ठित व्यक्ति थे। ममेरे भाई राहुल कुमार सिंह रौशन सिंह, मनोज सिंह ने कहा कि गांव में हर कोई खुश है। मामी विमला देवी, भाभी पूजा देवी व सुजाता देवी ने भांजी की इस सफलता पर खुशी जताई व कहा कि आज परिवार के लिए गर्व का अवसर है। गांव की भांजी मंत्री बन गयी। इधर खेलप्रेमी प्रकाश तिवारी व आशुतोष कुमार ने खुशी जताते हुए कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में श्रेयसी के मेडल जीतने पर हमलोगों को काफी प्रसन्नता हुई थी। वैसी ही खुशी आज उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने पर हो रही है। हमारी तो इच्छा है कि उन्हें खेल मंत्रालय ही मिले तो राज्य के खिलाड़ियों का भला होगा व सरकार की खेल नीतियों का लाभ खिलाड़ियों को खूब मिलेगा। -- रमा व श्रेयसी को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाइयों का तांता फोटो 29- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शपथग्रहण समारोह के बाद स्वागत के दौरान मौजूद मंत्री रामा निषाद , मंत्री श्रेयसी सिंह, सांसद रूडी, राकेश सिंह व अन्य छपरा। बिहार सरकार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व देशभर से पधारे मुख्यमंत्रीगण, उपमुख्यमंत्रीगण, केंद्रीय मंत्रीगण व वरिष्ठ नेतागण का हार्दिक स्वागत व अभिनंदन किया गया। इसी क्रम में शपथ ग्रहण में मंत्री रामा निषाद और मंत्री श्रेयसी सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा नेता प्रदेश कार्य समिति सदस्य राकेश कुमार सिंह ने बधाई देते हुए प्रसन्नता प्रकट की। मुख्य अतिथि के रूप मे आये महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीश से उन्होंने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी के साथ सभी लोग के साथ वर्तमान राजनीति पर चर्चा हुई और बिहार के विकास के लिए सार्थक चर्चा हुई। सभी की गरिमामयी उपस्थिति ने इस अवसर को और अधिक प्रेरणादायी व ऐतिहासिक बना दिया है। इस अवसर पर भाजपा नेता राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सान्निध्य में बिहार विकास, स्थिरता और सुशासन के एक नए अध्याय की शुरुआत कर रहा है। यही बिहार के विकास का नव सूर्योदय है।