Chapra News: जेपी विवि: स्नातक में नामांकन को नया मौका, 20 से फिर खुलेंगे आवेदन
Chapra News: जय प्रकाश विश्वविद्यालय ने स्नातक सत्र 2026-30 के लिए नामांकन से वंचित अभ्यर्थियों को एक और मौका दिया है। 20 जुलाई से 23 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन व संशोधन का अवसर रहेगा। तीसरी मेधा सूची 26 जुलाई को जारी होगी। आवेदन शुल्क 500 रुपये है और एक ही आवेदन पर तीन प्रोग्राम चुनने की सुविधा है।

Chapra News: तीसरी मेधा सूची से पहले 23 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन व संशोधन का अवसर, 26 को सूची होगी जारी छपरा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जय प्रकाश विश्वविद्यालय ने स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन से वंचित अभ्यर्थियों को एक और मौका दिया है।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया
विश्वविद्यालय ने दूसरी मेधा सूची के आधार पर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीसरी मेधा सूची जारी करने से पहले नए अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन तथा पहले से आवेदन कर चुके छात्रों को अपने आवेदन में संशोधन का अवसर देने की घोषणा की है। विश्वविद्यालय के छात्र-कल्याण अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) राणा विक्रम सिंह द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार समर्थ पोर्टल के माध्यम से 20 जुलाई से 23 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। इसी अवधि में अभ्यर्थी अपने आवेदन में त्रुटियों का सुधार भी कर सकेंगे। आवेदन का लिंक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा।
तीसरी मेधा सूची की तिथि
विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 26 जुलाई 2026 को तीसरी मेधा सूची प्रकाशित की जाएगी, जबकि 27 जुलाई से तीसरी मेधा सूची के आधार पर नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। दूसरी मेधा सूची के बाद महाविद्यालयवार रिक्त सीटों की सूची भी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है, जिसके आधार पर अभ्यर्थी कॉलेजों का चयन कर सकेंगे।
आवेदन शुल्क एवं विषय चयन
500 रुपये आवेदन शुल्क, तीन विषय चुनने की सुविधा विश्वविद्यालय ने सभी वर्गों के विद्यार्थियों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया है, जिसका भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से होगा। एक बार जमा किया गया आवेदन शुल्क किसी भी परिस्थिति में वापस नहीं किया जाएगा। एक ही आवेदन शुल्क पर अभ्यर्थी अधिकतम तीन प्रोग्राम (विषय) का चयन कर सकते हैं। साथ ही प्रत्येक प्रोग्राम के लिए अधिकतम पांच महाविद्यालयों का विकल्प देने की सुविधा भी मिलेगी।
पात्रता संबंधी दिशा-निर्देश
संकायवार पात्रता भी जारी विश्वविद्यालय ने विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय में नामांकन के लिए पात्रता संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। विज्ञान संकाय में प्रवेश के लिए इंटरमीडिएट विज्ञान अथवा समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। वहीं कला एवं वाणिज्य संकाय में इंटरमीडिएट कला, विज्ञान, वाणिज्य या अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड से समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर तीसरी मेधा सूची में शामिल होने का लाभ उठाने की अपील की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


