Hindi NewsBihar NewsChapra NewsJai Prakash University Begins PG Semester Exams in Peaceful Environment
जेपी विवि : पीजी द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा शुरू, पहले दिन शांतिपूर्ण रही परीक्षा

जेपी विवि : पीजी द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा शुरू, पहले दिन शांतिपूर्ण रही परीक्षा

संक्षेप:

जयप्रकाश विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा मंगलवार से शुरू हो गई। पहले दिन CC-5 की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित की गई। परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर अशोक कुमार मिश्र ने व्यवस्था का निरीक्षण किया और कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। परीक्षा 6 से 12 जनवरी 2026 तक चलेगी।

Jan 06, 2026 09:21 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, छपरा
share Share
Follow Us on

छपरा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जयप्रकाश विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर (पीजी) द्वितीय सेमेस्टर (सीबीसीएस सत्र 2023-25) की परीक्षा मंगलवार से शुरू हो गई। पहले दिन परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार सीसी-5 की परीक्षा ली गई, जो दोनों पालियों में शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा शुरू होने के पहले दिन परीक्षा नियंत्रक प्रो अशोक कुमार मिश्र ने छपरा स्थित मल्टीपरपज परीक्षा भवन सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्राधीक्षकों और परीक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षों में बैठने की व्यवस्था, उपस्थिति पंजी, प्रश्नपत्र वितरण और सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

12 तक चलेगी परीक्षा पीजी द्वितीय सेमेस्टर की थ्योरी परीक्षा 6 जनवरी से 12 जनवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा दो केंद्रों पर हो रही है। सिवान और गोपालगंज के परीक्षार्थियों के लिए राजा सिंह कॉलेज, सिवान को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जबकि छपरा के पीजी विभागों एवं कॉलेजों के छात्रों की परीक्षा जेपीयू परिसर स्थित मल्टीपरपज परीक्षा भवन में ली जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा को दो ग्रुपों में बांटा है। ग्रुप-ए के विषयों की परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक, जबकि ग्रुप-बी के विषयों की परीक्षा अपराह्न 1 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जा रही है। पहले दिन परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक रही। परीक्षा को कदाचारमुक्त कराने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित है और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन का दावा है कि आने वाले दिनों में भी परीक्षा इसी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाएगी। साथ लगाएं जेपीयू में टीडीसी स्पेशल की प्रायोगिक परीक्षा जारी, अब सब्सिडियरी विषयों की बारी छपरा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जयप्रकाश विश्वविद्यालय में टीडीसी पार्ट-1 एवं पार्ट-2 (स्पेशल) परीक्षा 2025 की प्रायोगिक परीक्षाएं 4 जनवरी से लगातार आयोजित की जा रही हैं। विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 4 जनवरी से ऑनर्स यानी प्रतिष्ठा विषयों की प्रायोगिक परीक्षा ली जा रही है, जो निर्धारित तिथियों के भीतर सुचारू रूप से संपन्न हो रही है। मंगलवार को भी परीक्षा शेड्यूल के अनुसार विभिन्न महाविद्यालयों में ऑनर्स विषयों की प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की गई। छपरा, सीवान और गोपालगंज जिले के संबंधित कॉलेजों में बनाए गए प्रायोगिक परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक रही। बाह्य एवं आंतरिक परीक्षकों के समन्वय से प्रयोगशालाओं में परीक्षा कराई गई। कॉलेज प्रशासन द्वारा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, उपस्थिति पंजी संधारण और मूल्यांकन प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखी गई, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो सके। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार टीडीसी पार्ट-1 (स्पेशल) के ऑनर्स विषयों की प्रायोगिक परीक्षा 6 जनवरी तक चलेगी। इसके बाद 7 जनवरी से 8 जनवरी तक सब्सिडियरी विषयों की प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं टीडीसी पार्ट-2 (स्पेशल) परीक्षा के तहत ऑनर्स विषयों की प्रायोगिक परीक्षा 9 से 11 जनवरी तथा सब्सिडियरी विषयों की परीक्षा 12 से 13 जनवरी के बीच ली जाएगी।विश्वविद्यालय ने संबंधित महाविद्यालयों को निर्देश दिया है कि परीक्षा से जुड़े सभी अभिलेख समय से विश्वविद्यालय कार्यालय में जमा कराएं और परीक्षा की गरिमा बनाए रखने के लिए दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।