आरडीडीई कार्यालय के परिचारी मो हनीफ की सेवानिवृत्ति के दिन ही मिला पूरा सेवांत लाभ
क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय सारण प्रमंडल में परिचारी मोहम्मद हनीफ की सेवा-निवृत्ति पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सेवानिवृत्ति के दिन ही उन्हें सभी सेवांत लाभों का भुगतान किया गया। कार्यक्रम में उनकी सेवा का सम्मान किया गया और उन्हें अंगवस्त्र एवं गुलदस्ते दिए गए।

क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय सारण प्रमंडल में कार्यरत परिचारी मोहम्मद हनीफ की सेवा-निवृत्ति के अवसर पर शनिवार को आयोजित समारोह में पूरे सम्मान के साथ एक ऐतिहासिक पहल की गई। सेवानिवृत्ति के दिन ही उन्हें सभी सेवांत लाभों की राशि और स्वीकृत आदेश सौंप दिए गए।आरडीडीई राजदेव राम ने बताया कि सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि कर्मचारी को उसके रिटायरमेंट वाले दिन ही सभी प्रकार का भुगतान पूरा कर दिया जाए। इसी आदेश को धरातल पर उतारते हुए यह कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि सभी अधीनस्थ कार्यालयों और पदाधिकारियों को भी इस व्यवस्था का पालन करना चाहिए।कार्यक्रम पदाधिकारी सोनाली संचिता ने बताया कि पेंशन स्वीकृत होकर महालेखाकार से प्राप्त हो चुकी है।
सामान्य भविष्य निधि की जमा राशि, अनिवार्य समूह जीवन बीमा का भुगतान, पेंशन उपादान तथा इस्तेमाल नहीं की गई अर्जित अवकाश की समतुल्य राशि का भुगतान—सभी कार्य सेवानिवृत्ति के दिन ही पूर्ण कर दिए गए। इससे विभाग पर किसी तरह का कोई बकाया शेष नहीं रहा। समारोह में अंग-वस्त्र और गुलदस्ते से मोहम्मद हनीफ का सम्मान किया गया और उनके स्वस्थ एवं आनंदमय जीवन की कामना की गई। सेवाकाल की स्मृतियों को साझा करते हुए यह भी बताया गया कि उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को मुजफ्फरपुर सर्किट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान अपने हाथों से रोटी बनाकर परोसी थी, क्योंकि खाना बनाने में उनकी विशेष दक्षता रही है।मौके पर आरडीडीई कार्यालय के प्रधान लिपिक मनोज कुमार, डीईओ कार्यालय के प्रधान लिपिक वीरेंद्र यादव, आरडीडीई कार्यालय के लिपिक सर्वानंद सिंह, दीपक कुमार, विवेक राज, डाटा एंट्री ऑपरेटर अजीत शर्मा, सीमा कुमारी, परिचारी विकास, सत्येंद्र चौबे, अशोक प्रसाद सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


