Chapra News: एकमा में चार ट्रकों की टक्कर से एनएच-531 पर ढाई घंटे जाम, छह लोग जख्मी
Chapra News: एकमा में चार ट्रकों की टक्कर से एनएच-531 पर ढाई घंटे जाम लग गया। दुर्घटना में छह लोग जख्मी हुए, जिसमें एक चालक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जख्मी को अस्पताल भेजा और ट्रकों को हटाकर वाहनों का परिचालन शुरू किया। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे ट्रकों की अनधिकृत पार्किंग पर रोक लगाने की मांग की।

Chapra News: एकमा में चार ट्रकों की टक्कर से एनएच-531 पर ढाई घंटे जाम, छह लोग जख्मी एकमा। छपरा-सिवान मुख्य मार्ग एनएच-531 पर अलख नारायण सिंह उच्च विद्यालय के समीप शुक्रवार की अहले सुबह करीब 2:30 बजे चार ट्रक एक-दूसरे से टकरा गए। हादसे के बाद सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। देखते ही देखते कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। इससे यात्रियों, राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब ढाई घंटे तक परिचालन बाधित रहा। दुर्घटना में चालक व सहचालक समेत करीब छह लोगों के जख्मी होने की बात बताई जा रही है।
इनमें एक चालक गंभीर रूप से जख्मी है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में फंसे चालक को जेसीबी की मदद से बाहर निकलवाकर इलाज के लिए एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
दुर्घटना की जानकारी
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनास्थल पर पहले से एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान छपरा की ओर से आ रहे एक ट्रक ने खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रहे अन्य ट्रक भी एक-एक कर आपस में टकराते चले गए। हादसे में फंसे चालक की पहचान डोरीगंज थाना क्षेत्र के सिंगही गांव निवासी शिवजी राय के 28 वर्षीय पुत्र उपेंद्र राय के रूप में हुई है। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, छपरा रेफर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने जेसीबी व हाइवा की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाया। वाहनों को हटाने के बाद सड़क पर फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकाला गया और करीब ढाई घंटे बाद एनएच-531 पर परिचालन शुरू हो सका।
स्थानीय लोगों की चिंताएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर दिन-रात कहीं भी ट्रक सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं। कई स्थानों पर झुंड की झुंड ट्रक खड़ी रहती हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और रात में आने-जाने वाले वाहनों को काफी परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े ट्रकों के कारण अक्सर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती है। लोगों ने सड़क किनारे ट्रकों की अनधिकृत पार्किंग पर रोक लगाने और नियमित निगरानी की व्यवस्था करने का आग्रह किया है।


